Page Loader
#NewsBytesExplainer: राज्यसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू, क्या बहुमत का आंकड़ा पार करेगी NDA?
राज्यसभा की 12 सीटों पर उपचुनाव होना है

#NewsBytesExplainer: राज्यसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू, क्या बहुमत का आंकड़ा पार करेगी NDA?

लेखन आबिद खान
Aug 14, 2024
04:33 pm

क्या है खबर?

राज्यसभा में 9 राज्यों की 12 सीटें खाली हो रही हैं। इन सीटों पर उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। 21 अगस्त तक इन सीटों के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे और 3 सितंबर को उपचुनाव होंगे। 12 में से 11 सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और एक सीट पर कांग्रेस को उम्मीदवार तय करना है। आइए जानते हैं कि चुनाव के बाद संसद में समीकरण कितने बदलेंगे।

सीटें

कहां-कितनी सीटों पर होना है चुनाव? 

चुनाव आयोग ने 7 अगस्त को राज्यसभा की 12 सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया था। इनमें 2-2 सीटें असम, बिहार, महाराष्ट्र की और 1-1 सीट हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, तेलंगाना और ओडिशा की है। नतीजे भी 3 सितंबर को शाम 5 बजे ही घोषित किए जाएंगे। 12 में से 10 सीटें राज्यसभा सांसदों के लोकसभा चुनाव लड़ने और जीतने के कारण खाली हुई हैं। 2 सीट नेताओं के पार्टी बदलने के चलते खाली हुई हैं।

वजह

क्यों खाली हुईं सीटें?

असम से कामाख्या प्रसाद और सर्बानंद सोनोवाल, बिहार से मीसा भारती और विवेक ठाकुर, महाराष्ट्र से उदयनराजे भोसले और पीयूष गोयल, हरियाणा से दीपेंद्र सिंह हुड्डा, मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजस्थान से केसी वेणुगोपाल और त्रिपुरा से बिप्लब कुमार के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद सीटें खाली हुई है। इसके अलावा तेलंगाना से के केशव राव ने 5 जुलाई और ओडिशा से ममता मोहंता ने 13 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था।

समीकरण

फिलहाल क्या हैं सदन के समीकरण?

राज्यसभा में सांसदों की संख्या 245 है। फिलहाल 225 सदस्य हैं यानी 20 सीटें खाली हैं। इन 20 में से 4 जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव नहीं होने की वजह से खाली हैं। 13 जुलाई को सदस्यों का कार्यकाल खत्म होने से भी 4 सीटें खाली हुई हैं। इन 8 सीट को छोड़कर बाकी पर उपचुनाव होना है। फिलहाल भाजपा के पास 87 और NDA के पास 105 सीटें हैं। वहीं, INDIA गठबंधन के पास 87 सीटें हैं।

जीत के आसार

किसे-कितनी सीटें मिल सकती हैं?

NDA को बिहार, महाराष्ट्र और असम से 2-2 और हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा और त्रिपुरा से 1-1 राज्यसभा सीट मिल सकती है। कांग्रेस को तेलंगाना से एक सीट मिल सकती है। यहां से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी के उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि 4 सीटों पर NDA ने अपने उम्मीदवार भी तय कर लिए हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

कार्यक्रम

राज्यसभा उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम जानिए

संसद के ऊपरी सदन के 12 सीटों के लिए हो रहे इस उपचुनाव में 21 अगस्त तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 22 अगस्त को नामांकन की स्क्रूटनी होगी। असम, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और त्रिपुरा के उम्मीदवार 26 अगस्त तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। बिहार, राजस्थान, तेलंगाना, ओडिशा और हरियाणा के उम्मीदवार 27 अगस्त नामांकन वापस ले सकेंगे। 3 सितंबर को चुनाव होगा और इसी दिन नतीजे भी आ जाएंगे।

चुनाव

कैसे होता है राज्यसभा सदस्य का चुनाव?

राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से राज्य विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य (विधायक) करते हैं। उम्मीदवारों की जीत के लिए आवश्यक वोटों की संख्या पहले से तय होती है। वोटिंग के वक्त हर विधायक को एक सूची दी जाती है, जिसमें उसे राज्यसभा प्रत्याशियों के लिए अपनी पहली पसंद, दूसरी पसंद और तीसरी पसंद आदि लिखनी होती है। इसके बाद एक फॉर्मूले की मदद से तय किया जाता है कि कौन-सा प्रत्याशी जीता है।