Page Loader
IAS अधिकारी टीवी सोमनाथन होंगे नए कैबिनेट सचिव, केंद्र सरकार ने जारी किए आदेश
IAS अधिकारी टीवी सोमनाथन होंगे नए कैबिनेट सचिव (फाइल तस्वीर: एक्स/@upscnetwork4)

IAS अधिकारी टीवी सोमनाथन होंगे नए कैबिनेट सचिव, केंद्र सरकार ने जारी किए आदेश

Aug 10, 2024
07:09 pm

क्या है खबर?

केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार ने शनिवार को एक आदेश जारी कर 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी टीवी सोमनाथन को नया कैबिनेट सचिव नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल 2 साल का होगा और वह 1982 बैच के IAS अधिकारी राजीव गौबा की जगह लेंगे। उनका कार्यकाल 30 अगस्त, 2024 से शुरू होगा। कैबिनेट की नियुक्ति समिति के उनकी नियुक्ति को मंजूरी देने के बाद सरकार ने यह आदेश जारी किया है।

परिचय

कौन है IAS अधिकारी सोमनाथन?

1987 बैच के तमिलनाडु कैडर के IAS अधिकारी सोमनाथन ने तमिलनाडु सरकार में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में PhD की उपाधि प्राप्त की है। वित्त सचिव के रूप में नियुक्ति से पहले उन्होंने 2019 से 2021 तक वित्त व्यय सचिव के रूप में कार्य किया था। वह 2015 और 2017 के बीच प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में संयुक्त सचिव भी रहे थे। वह कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रहे हैं।

जानकारी

विश्व बैंक में भी सेवाएं दे चुके हैं सोमनाथन

सोमनाथन को विश्व बैंक में कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक के रूप में भी प्रतिनियुक्त किया गया था। वह 2007 से 2010 तक चेन्नई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रहे थे। वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं।

कार्यकाल

कैसा रहा गौबा का कार्यकाल?

केंद्र सरकार ने गौबा को साल 2019 में 2 साल की अवधि के लिए कैबिनेट सचिव के रूप में नियुक्त किया था। बाद में उन्हें 2021 और फिर 2022 और 2023 में एक-एक साल का विस्तार दिया गया था। उन्हें जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 का वास्तुकार कहा जाता है, जिसके तहत पूर्ववर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 निरस्त करने के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के रूप में 2 केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किया गया था।