Page Loader
पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की फिर बिगड़ी तबीयत, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती 
लालकृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती

पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की फिर बिगड़ी तबीयत, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती 

लेखन गजेंद्र
Aug 06, 2024
03:01 pm

क्या है खबर?

देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की मंगलवार को फिर तबीयत खराब हो गई। उन्हें आनन-फानन में दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। 96 वर्षीय आडवाणी को न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में रखा गया है। अभी उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। फिलहाल, डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। आडवाणी को उम्र संबंधी समस्याएं बताई जा रही है। उनकी अधिकतर जांचें और इलाज घर पर ही होता है।

तबीयत

जून और जुलाई में लाए गए थे अस्पताल

आडवाणी को 27 जून को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। यहां यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और जेरिएट्रिक मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञों ने उनका इलाज किया था। उस दौरान उनको पेशाब का संक्रमण बताया गया था। बाद में उन्हें छुट्टी मिल गई थी। इसके बाद 3 जुलाई को रात 9 बजे उन्हें अपोलो अस्पताल लाया गया था। यहां डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में एक दिन भर्ती रहने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था।

भारत रत्न

आडवाणी को मिल चुका है 'भारत रत्न'

लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 1927 को सिंध प्रांत (पाकिस्तान) में हुआ था। उन्होंने कराची के सेंट पैट्रिक्स स्कूल से पढ़ाई की है। इस साल मार्च में राजनीति में लंबे योगदान के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजा गया। वह खराब सेहत के कारण राष्ट्रपति भवन नहीं पहुंचे थे। आडवाणी 7 बार लोकसभा सांसद और 3 बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और 2002-2004 तक उपप्रधानमंत्री रहे हैं। आडवाणी ने 2014 में अंतिम बार लोकसभा चुनाव गांधीनगर से लड़ा था।