स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है नमक का अधिक सेवन, हो सकती हैं गंभीर समस्याएं

खाने में आप कितने भी मसाले क्यों न डाल लें, लेकिन अगर उसमें नमक नहीं होगा तो यह बेस्वाद ही लगेगा। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि खाने में नमक का सीमित मात्रा में होना ही सही है क्योंकि इसकी अधिक मात्रा स्वास्थ्य को खतरे में डाल सकती है। आइए जानते हैं कि नमक का अधिक सेवन करते रहने से आपको किन-किन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
डॉ अकांक्षा ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति अधिक नमक का सेवन करता है तो उसे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है, जिसका शरीर के सभी अंगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसके अतिरिक्त, अधिक नमक का सेवन किडनी, मस्तिष्क, त्वचा, हड्डियों और मांसपेशियों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। नमक के अधिक सेवन के कारण हड्डियों के घनत्व को कम करने समेत हृदय को कई रोगों से घेर सकता है।
अगर आप किसी भी रूप में नमक का अधिक नमक करते हैं तो इससे ब्लड प्रेशर में अचानक से वृद्धि हो सकती है, जिस वजह से आपको वॉटर रिटेंशन की समस्या हो सकती है। इसके कारण आपको अधिक प्यास लग सकती है क्योंकि आपका शरीर पानी से सोडियम के अनुपात को ठीक करने की कोशिश करता है। इसके अतिरिक्त, इससे हाइपरनाट्रेमिया भी हो सकता है। यह एक ऐसी चिकित्सक स्थिति है, जिसमें शरीर में पानी से अधिक सोडियम होता है।
अगर आप नमक का अधिक सेवन करते हैं तो इससे खून में सोडियम का स्तर बढ़ जाता है, जो किडनी की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है। यही नहीं, इससे शरीर की रक्त वाहिकाओं पर दबाव पड़ता है, जिसके परिणामस्वरूप हाई ब्लड प्रेशर होता है, जो हृदय रोगों का कारण बन सकता है। वहीं, नमक का अधिक सेवन हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए भी ठीक नहीं है।
हमारे शरीर को रोजाना लगभग 1500 मिलीग्राम सोडियम की आवश्यकता होती है, इसलिए इसके आधार पर ही नमक का सेवन करना सही है। नमक की खपत को कम करने के लिए पैकेज्ड और प्रोसेस्ड फूड के सेवन से बचें क्योंकि इनमें सोडियम की अधिक मात्रा मौजूद होती है। इसके अतिरिक्त, ऐसे मसाले और हर्बस को चुनें, जिनमें सोडियम न हो और घर में भी खाना बनाते समय सीमित मात्रा में नमक डालें।