
पाकिस्तानी मीडिया का दावा, डोनाल्ड ट्रंप सितंबर में इस्लामाबाद का दौरा करेंगे
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सितंबर में इस्लामाबाद का दौरा कर सकते हैं। यह दावा पाकिस्तान के 2 स्थानीय मीडिया चैनलों ने किया है। रॉयटर्स के मुताबिक, चैनलों ने ट्रंप का संभावित दौरा 18 से 20 सितंबर के आसपास बताया है, जबकि पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता का कहना है कि उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है। दोनों मीडिया चैनल ने यह भी दावा किया है कि ट्रंप पाकिस्तान के बाद भारत भी जा सकते हैं।
दौरा
20 साल बाद होगा किसी अमेरिकी राष्ट्रपति का पाकिस्तान दौरा
अगर पाकिस्तानी मीडिया की खबर की पुष्टि होती है तो 20 साल बाद ऐसा मौका आएगा, जब कोई अमेरिकी राष्ट्रपति इस्लामाबाद पहुंचेगा। ट्रंप से पहले 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने पाकिस्तान का दौरा किया था। बता दें कि भारत-पाकिस्तान तनाव के बाद वाशिंगटन और इस्लामाबाद के बीच नजदीकी दिख रही है। पिछले महीने ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मॉर्शल असीम मुनीर को दोपहर के लंच पर बुलाया था।
जानकारी
17 से 19 सितंबर तक ब्रिटेन के दौरे पर हैं ट्रंप
पाकिस्तानी मीडिया ने 18-20 सितंबर के बीच ट्रंप के इस्लामाबाद दौरे की जानकारी दी है, जबकि ट्रंप अपनी पत्नी के साथ 17 से 19 सितंबर तक ब्रिटेन के दौरे पर हैं। हालांकि, इसके बाद ट्रंप पाकिस्तान जाएंगे या अमेरिका लौटेंगे, यह पुष्टि नहीं हुई।