Page Loader
2027 में लगेगा खास पूर्ण सूर्य ग्रहण, 6 मिनट तक छाया रहेगा अंधेरा
2027 में लगेगा खास पूर्ण सूर्य ग्रहण (तस्वीर: पिक्साबे)

2027 में लगेगा खास पूर्ण सूर्य ग्रहण, 6 मिनट तक छाया रहेगा अंधेरा

Jul 17, 2025
02:42 pm

क्या है खबर?

खगोलीय घटनाओं में रुचि रखने वाले लोगों के लिए अगला साल काफी खास होगा, जब 2 अगस्त को पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा। इस दिन कुछ देर के लिए सूरज पूरी तरह आंखों से ओझल हो जाएगा और धरती पर लगभग 6 मिनट तक अंधेरा छा जाएगा। इसे 'ग्रेट उत्तरी अफ्रीकी ग्रहण' कहा जा रहा है, जो कई देशों से साफ देखा जा सकेगा। यह दृश्य लाखों लोगों के लिए बेहद रोमांचक अनुभव साबित हो सकता है।

दृश्य 

इन देशों में सबसे अच्छा दिखेगा दृश्य 

यह खास सूर्य ग्रहण अटलांटिक महासागर से शुरू होकर स्पेन, मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया और मिस्र होते हुए सऊदी अरब, यमन और सोमालिया तक जाएगा। सबसे अच्छा दृश्य मोरक्को के टैंजियर, टेटुआन, और मिस्र के लक्सर में देखने को मिलेगा, जहां 6 मिनट से अधिक अंधेरा छा जाएगा। इटली का लैम्पेडुसा द्वीप, और सऊदी के जेद्दा-मक्का में भी यह दृश्य बेहद खास रहेगा। भारत में यह दुर्लभ सूर्यग्रहण नहीं दिखेगा।

ग्रहण

इतना लंबा क्यों रहेगा यह ग्रहण? 

2027 का यह पूर्ण सूर्य ग्रहण एक खास खगोलीय स्थिति की वजह से लंबा रहेगा। उस दिन पृथ्वी सूर्य से सबसे दूर होगी, जिससे सूरज थोड़ा छोटा दिखाई देगा। वहीं, चंद्रमा पृथ्वी के सबसे करीब रहेगा और बड़ा दिखेगा। यही वजह है कि चंद्रमा की छाया लंबे समय तक धरती पर रहेगी। इसके साथ ही, छाया का रास्ता भूमध्य रेखा के करीब होगा, जिससे गति धीमी होगी और अंधेरा ज्यादा देर तक रहेगा।

 घटना 

अगली ऐसी घटना कब होगी? 

इतना लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण भविष्य में जल्दी नहीं दिखेगा। इस तरह का अगला बड़ा खगोलीय नजारा 2114 में होने की उम्मीद है। यानी, 2027 का सूर्य ग्रहण अगली सदी तक यादगार रहेगा। इस ग्रहण की कुल चौड़ाई लगभग 275 किलोमीटर तक फैलेगी, जो इसे और भी खास बनाता है। जो लोग खगोल विज्ञान या आकाशीय घटनाओं में दिलचस्पी रखते हैं, उनके लिए यह एक दुर्लभ मौका होगा जिसे मिस नहीं करना चाहिए।