पेट की चर्बी कम करने के लिए फायदेमंद हैं ये योगासन, जानिए अभ्यास का सही तरीका
क्या है खबर?
आज के समय में अस्वस्थ जीवनशैली, गलत खान-पान, नियमित रूप से एक्सरसाइज न करना और तनाव जैसे कारणों की वजह से ज्यादातर लोग पेट की अतिरिक्त चर्बी से परेशान हैं। इसे कम करने के लिए योग एक बेहतरीन उपाय है।
आप अपनी दिनचर्या में कुछ योगासनों को शामिल करके जल्द ही पेट की चर्बी को कम कर सकते हैं।
चलिए आज पेट की अतिरिक्त चर्बी कम करने के लिए 5 योगासन और उनके अभ्यास का तरीका जानते हैं।
#1
ताड़ासन
इस योगासन के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं। अब अपनी उंगलियों को आपस में फंसा लें और फिर कलाइयों को बाहर की ओर मोड़ लें।
इसके बाद हाथों को आसमान की ओर सीधा उठाएं। अब धीरे-धीरे सांस लेते हुए पंजों के बल खड़े हों और शरीर को ऊपर की ओर खीचने की कोशिश करें।
इसके अलावा आप पेट की चर्बी कम करने के लिए इन पेय का सेवन भी कर सकते हैं।
#2
पश्चिमोत्तानासन
इस योगासन के लिए सबसे पहले जमीन पर योगा मैट बिछाकर दोनों पैरों को आपस में सटाते हुए आगे की ओर फैलाकर बैठ जाएं।
अब दोनों हाथ ऊपर की ओर उठाएं और फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें। सिर को घुटनों से सटाते हुए हाथों से पैरों के अंगूठों को पकड़ने की कोशिश करें।
इसके बाद कुछ सेकंड तक इस मुद्रा में बने रहें और फिर सामान्य हो जाएं। इससे आपका तनाव भी दूर होगा।
#3
नौकासन
सबसे पहले योगा मैट पर श्वासन की मुद्रा में बिल्कुल सीधे लेट जाएं। अब दोनों पैरों के पंजों को आपस जोड़ते हुए उन्हें 45 डिग्री तक उठाएं।
इसके बाद अपने सिर और पीठ को धीरे-धीरे उठाएं। इस दौरान दोनों हाथों को कंधे की सीध में उठाते हुए घुटनों की तरफ एकदम सीधा रखें और नाव का आकार ले लें।
इसके बाद सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ जाए। नौकासन के अभ्यास से ये फायदे भी मिल सकते हैं।
#4
उष्ट्रासन
इस योग को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट बिछाकर उस पर घुटनों के बल बैठ जाएं और फिर घुटनों के बल ही सीधे खड़े हो जाएं।
अब सामान्य रूप से सांस लेते हुए पीछे की ओर झुकें और दाईं हथेली को दाईं एड़ी पर और बाईं हथेली को बाईं एड़ी पर रखने की कोशिश करें।
थोड़ी देर तक इस मुद्रा में रहने के बाद सामान्य हो जाएं। इससे आपकी पीठ की मांसपेशियां मजबूत होंगी।
#5
भुजंगासन
सबसे पहले योगा मैट पर दोनों हाथों को कंधों के बराबर रखकर पेट के बल लेट जाएं।
अब शरीर का वजन दोनों हथेलियों पर डालते हुए सिर को उठाकर पीठ की तरफ खींचें।
इस दौरान सिर को पीछे की तरफ खीचें और छाती को आगे की तरफ निकालें। यह योगासन पेट की चर्बी कम करने में मददगार है।
इसके अलावा आपको भुजंगासन के अभ्यास से ये अन्य फायदे भी मिल सकते हैं।