Page Loader
रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला, 550 ड्रोन और मिसाइलें दागीं
रूस ने यूक्रेन पर ड्रोन और मिसाइल से बड़ा हमला किया है

रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला, 550 ड्रोन और मिसाइलें दागीं

लेखन आबिद खान
Jul 04, 2025
02:47 pm

क्या है खबर?

रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़ा हमला किया है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर 550 मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। यूक्रेन ने बताया कि इन हमलों में 23 लोग घायल हो गए हैं और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। गंभीर घायल 14 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युद्ध शुरू होने के बाद से ये रूस का अब तक का सबसे बड़ा हमला है।

हमला

हमलों से कितना नुकसान हुआ?

रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने 539 ड्रोन और 11 मिसाइलें कीव पर दागीं। रूस की ओर से अधिकतर शाहिद ड्रोन दागे गए। इससे कीव में रेलवे के बुनियादे ढांचे को नुकसान पहुंचा है, कई कारों में आग लग गई और इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई। यूक्रेन ने कहा कि हमलों के चलते लगातार 8 घंटे तक सायरन बजते रहे। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि कीव के 10 जिलों में से 6 में नुकसान दर्ज किया गया है।

नुकसान

9 मिसाइलें और 63 ड्रोन लक्ष्य से टकराए- यूक्रेन

यूक्रेन ने बताया कि 8 जगहों पर 9 मिसाइलें और 63 ड्रोन हमला करने में कामयाब रहे। यूक्रेनी वायु रक्षा ने 2 क्रूज मिसाइलों सहित 270 ड्रोनों को मार गिराया और बाकी 208 ड्रोन रडार से गायब हो गए। इंटरसेप्ट की गई मिसाइलों और ड्रोन का मलबा 35 जगहों पर गिरा। सोलोमिंस्की में एक 5 मंजिला इमारत नष्ट हो गई, जबकि 7 मंजिला इमारत की छत पर आग लग गई। एक गोदाम, गैरेज और गैर-आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा।

बयान

यूक्रेनी विदेश मंत्री बोले- अब तक की सबसे भयानक रात

यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबीहा ने लिखा, 'कीव में बहुत भयानक और सबसे खराब रातों में से एक। सैकड़ों रूसी ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों ने यूक्रेनी राजधानी पर हमला किया। व्लादिमीर पुतिन के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करने के ठीक बाद। अब और इंतजार नहीं करना चाहिए! पुतिन ने स्पष्ट रूप से अमेरिका और युद्ध समाप्त करने का आह्वान करने वाले लोगों के प्रति पूरी उपेक्षा दिखाई है। मास्को पर बिना देरी के कठोर प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए।'

चर्चा

ट्रंप ने पुतिन से की चर्चा, युद्धविराम पर खास प्रगति नहीं

रूस के हमले से ठीक पहले ट्रंप और पुतिन के बीच करीब एक घंटे तक फोन पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच ये छठी बार बातचीत हुई, लेकिन युद्धविराम पर कोई सहमति नहीं बन पाई। रूस ने कहा कि उसने संघर्ष का राजनीतिक और बातचीत से समाधान निकालने के लिए तत्परता व्यक्त की है, लेकिन वो पीछे नहीं हटेगा। ट्रंप ने भी पुष्टि की कि बातचीत बिना किसी सार्थक प्रगति के समाप्त हो गई।