LOADING...
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा- यूक्रेन युद्ध समाप्ति संभव नहीं तो अमेरिका आगे बढ़े
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रूस यूक्रेन युद्ध को लेकर बयान दिया

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा- यूक्रेन युद्ध समाप्ति संभव नहीं तो अमेरिका आगे बढ़े

लेखन गजेंद्र
Apr 18, 2025
02:15 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भले रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने का दबाव बना रहे हों, लेकिन उनके विदेश मंत्री मार्को रूबियो युद्ध विराम की सहमति न बन पाने से नाराज हैं। उन्होंने शुक्रवार को पेरिस से रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा कि अगर यूक्रेन में युद्ध समाप्त करना संभव नहीं है, तो अमेरिका को आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि युद्ध विराम संभव है कि नहीं, यह अमेरिका को बहुत जल्दी यह तय करना होगा।

बयान

यूरोपीय और यूक्रेनी सहयोगियों से मुलाकात के बाद आई टिप्पणी

रूबियो का यह बयान तब आया है, जब एक दिन पहले ही पेरिस में उन्होंने और विशेष दूत स्टीव विककॉफ ने यूरोपीय और यूक्रेनी सहयोगियों के साथ मुलाकात की थी। रूबियो ने आगे कहा, "मैं और विटकॉफ पेरिस में युद्ध को समाप्त करने के लिए क्या किया जा सकता है, इसकी अधिक विशिष्ट रूपरेखा पर चर्चा करने के लिए आए थे और यह युद्ध समाप्त किया जा सकता है या नहीं, इस पर भी चर्चा करने आए थे।"

बयान

यह हमारा युद्ध नहीं है, लेकिन अमेरिका चाहता है कि यह खत्म हो- रूबियो

रूबियो ने आगे कहा, "अगर यह संभव नहीं और अगर हम इतने दूर हैं कि यह नहीं होने जा रहा है, तो मुझे लगता है कि राष्ट्रपति संभवतः उस बिंदु पर पहुंच गए हैं, जहां वह कहेंगे कि अब यह काम पूरा हो गया है। यह हमारा युद्ध नहीं है। हमने इसे शुरू नहीं किया। अमेरिका 3 सालों से यूक्रेन की मदद कर रहा है और हम चाहते हैं कि यह खत्म हो जाए। हम लगातार प्रयास कर रहे हैं।"

हमला

बातचीत के बीच रूस का यूक्रेन पर हमला

रूबियो के बयान से ऐसा लगा रहा है कि रूस-यूक्रेन को लेकर अमेरिका की बातचीत निर्णायक मोड़ तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे रूबियो निराश हैं। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप युद्ध रोकना चाहते हैं। दूसरी तरफ, पेरिस में बातचीत के बीच रात को रूस ने यूक्रेन पर मिसाइल हमला किया और खार्किव शहर के एक रिहायशी इलाके को निशाना बनाया। हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 67 अन्य घायल हैं। कुछ लोग मलबे में दबे हैं।