डोनाल्ड ट्रंप का संसद में पहला भाषण: यूक्रेन युद्ध, टैरिफ और भारत पर क्या-क्या कहा?
क्या है खबर?
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के संयुक्त सत्र को संबोधित किया।
एक घंटे 44 मिनट के अपने भाषण में ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध, अमेरिका को दोबारा महान बनाने, टैरिफ और अपने कार्यकाल के बारे में खुलकर बातें कीं। ट्रंप ने 2 अप्रैल से भारत पर भी टैरिफ लगाने की बात कही है।
आइए ट्रंप के संबोधन की हर जरुरी बात जानते हैं।
यूक्रेन युद्ध
यूक्रेन युद्ध पर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत करने को तैयार हैं।
उन्होंने जेलेंस्की द्वारा लिखे गए पत्र के हवाले से कहा, "जेलेंस्की ने पत्र में लिखा है- 'मेरी टीम आपके नेतृत्व में एक स्थायी शांति समझौते के लिए काम करने को तैयार है। हम अमेरिका के समर्थन की बहुत सराहना करते हैं।' हमने रूस के साथ गंभीर चर्चा की है। हमें मजबूत संकेत मिले हैं कि वे शांति के लिए तैयार हैं।"
भारत
भारत पर टैरिफ को लेकर ट्रंप ने ये कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "कनाडा, मेक्सिको, भारत और दक्षिण कोरिया बहुत टैरिफ लगाते हैं। दूसरे देश अमेरिका पर भारी टैक्स और टैरिफ लगाते हैं, जबकि अमेरिका उन पर बहुत कम लगाता है। यह बहुत अन्यायपूर्ण है। दूसरे देश दशकों से हम पर टैरिफ लगाते आ रहे हैं, अब हमारी बारी है। 2 अप्रैल से अमेरिका में 'रिसिप्रोकल टैरिफ' लागू होगा। यानी वे हम पर जितना टैरिफ लगाएंगे, हम भी उन पर उतना ही लगाएंगे।"
वोक
अमेरिका में अब केवल 2 ही जेंडर- ट्रंप
ट्रंप ने कहा, "मैंने डायवर्सिटी, इक्विटी और इन्क्लूजन (DEI) नीतियों को खत्म कर दिया है। अब हमारा देश वोक नहीं रहेगा। हमने स्कूलों से क्रिटिकल रेस थ्योरी (CRT) जैसी जहरीली विचारधारा को हटा दिया है। हमने अमेरिकी सरकार की आधिकारिक नीति के रूप में यह तय कर दिया है कि केवल 2 ही जेंडर हैं- पुरुष और महिला। मैंने कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, ताकि ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को महिलाओं के खेल में हिस्सा लेने से रोका जा सके।"
ग्रीनलैंड
ट्रंप ने फिर दोहराई ग्रीनलैंड को हासिल करने की बात
ट्रंप ने ग्रीनलैंड के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "हम आपके अपने भविष्य को तय करने के अधिकार का पूरा समर्थन करते हैं। अगर आप चाहें तो हम आपको अमेरिका में शामिल करने के लिए तैयार हैं। मुझे लगता है कि हम इसे किसी न किसी तरह हासिल कर लेंगे। हम आपको सुरक्षित रखेंगे, आपको अमीर बनाएंगे। साथ में ग्रीनलैंड को उन ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे, जिनकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।"
संबोधन
संबोधन के दौरान ये भी हुआ
संबोधन के दौरान ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप, दामाद जैरेड कुशनर और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप मौजूर रहीं।
ट्रंप ने संसद में सबसे लंबे भाषण का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने 1:05 मिनट लंबा भाषण दिया था।
संबोधन के दौरान डेमोक्रेटिक पार्टी की कई नेता विरोधस्वरूप गुलाबी कपड़े पहनकर पहुंचीं।
भाषण के दौरान डेमोक्रेट सांसद अल ग्रीन बार-बार ट्रंप का मजाक उड़ाते रहे। बाद में ग्रीन को सदन से बाहर निकाल दिया गया।