
BRICS सम्मेलन में मोदी और जिनपिंग के बीच क्या बात हुई? चीनी विदेश मंत्रालय ने बताया
क्या है खबर?
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान एक-दूसरे से संक्षिप्त बातचीत की थी। BRICS के नेताओं की संयुक्त प्रेस वार्ता से पहले दोनों नेता एक-दूसरे से बात करते हुए देखे गए थे, जिसका वीडियो भी सामने आया था।
अब चीन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया है कि इस दौरान दोनों के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई।
बात
मोदी-जिनपिंग के बीच क्या हुई बात?
चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने वर्तमान भारत-चीन संबंध और साझा हित के अन्य सवालों पर स्पष्ट और गहन विचारों पर चर्चा की।
राष्ट्रपति जिनपिंग ने इस बात पर जोर दिया कि चीन-भारत संबंधों में सुधार दोनों देशों और लोगों के साझा हितों को पूरा करता है और दुनिया और क्षेत्र की शांति, स्थिरता और विकास के लिए भी अनुकूल है। दोनों पक्षों को अपने द्विपक्षीय संबंधों के समग्र हितों को ध्यान में रखना चाहिए।
सीमा
सीमा पर शांति बनाए रखने पर हुई चर्चा
बयान के मुताबिक, दोनों देशों ने सीमा विवाद को ठीक से संभालने पर चर्चा की ताकि सीमा क्षेत्र में शांति स्थापिक की जा सके।
भारत के विदेश सचिव विनय मोहन क्वॉत्रा ने कहा कि मोदी और जिनपिंग इस बात पर सहमत हुए हैं कि लद्दाख में सैन्य तैनाती कम की जाएगी और तनाव कम किया जाएगा। इस बारे में दोनों देशों ने अपने-अपने अधिकारियों को बातचीत तेज करने को कहा है।
द्विपक्षीय वार्ता
भारत ने ठुकराया द्विपक्षीय वार्ता का अनुरोध
चीन ने कहा था कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत भारत की ओर से किए गए अनुरोध के बाद हुई थी। अब भारत ने इसका खंडन करते हुए कहा है कि 'चीन की तरफ से अनुरोध लंबित' था।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने कहा कि चीनी पक्ष की ओर से द्विपक्षीय बैठक का अनुरोध लंबित था, जिसे भारत ने ठुकरा दिया। इसके बाद द्विपक्षीय बैठक नहीं हो सकी और दोनों नेताओं ने अनौपचारिक बातचीत की।
G20
सितंबर में G20 समिट में फिर मिलेंगे दोनों नेता
बता दें कि 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में G-20 शिखर सम्मेलन होना है। इसमें भाग लेने के लिए जिनपिंग भारत आएंगे। उम्मीद है कि इस दौरान भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हो सकती है।
इससे पहले नवंबर 2022 में मोदी और जिनपिंग ने इंडोनेशिया में हुई G20 समिट में सीमा विवाद पर बात की थी। तब दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने की आवश्यकता पर बात की थी।
BRICS
क्या है BRICS समूह?
BRICS दुनिया की 5 तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इन देशों के नाम के पहले अक्षर से समूह का नाम रखा गया है। ये देश हैं- ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका।
कल ही BRICS में 6 नए देश मिस्त्र, ईरान, सऊदी अरब, अर्जेंटीना, इथियोपिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को शामिल करने का फैसला लिया गया है। इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में सदस्य राष्ट्रों के बीच पारस्परिक सहयोग को बढ़ाना है।