Page Loader
#NewsBytesExplainer: 6 राज्यों के उपचुनाव में कहां किसमें मुकाबला और ये INDIA के लिए क्यों महत्वपूर्ण?
6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव होगा

#NewsBytesExplainer: 6 राज्यों के उपचुनाव में कहां किसमें मुकाबला और ये INDIA के लिए क्यों महत्वपूर्ण?

Sep 04, 2023
06:05 pm

क्या है खबर?

देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव होगा। 5 सीटों पर मौजूदा विधायकों के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है, जबकि 2 विधायकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और विपक्षी गठबंधन INDIA के बीच यह पहला मुकाबला होगा। आइए इन सीटों के राजनीतिक समीकरण को समझने की कोशिश करते हैं।

जानकारी

किन सीटों पर होगा उपचुनाव? 

झारखंड की डुमरी सीट, केरल की पुथुपल्ली सीट, पश्चिम बंगाल की धुपगुड़ी सीट, उत्तर प्रदेश की घोसी सीट और उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। इनके अलावा त्रिपुरा की बॉक्सानगर और धनपुर सीट पर भी मंगलवार को मतदान होगा।

चुनाव 

डुमरी (झारखंड)

डुमरी सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के 4 बार के विधायक जगरनाथ महतो के निधन के बाद खाली हुई थी। 2005 में इस सीट पर पहली बार जीत हासिल करने वाले महतो ने 2019 में हुए पिछले चुनाव में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) की यशोदा देवी को हराया था। INDIA की सहयोगी पार्टी JMM ने इस बार महतो की विधवा बेबी देवी को टिकट दिया है, जबकि यशोदा देवी NDA उम्मीदवार के तौर पर अपनी किस्मत आजमाएंगी।

चुनाव 

बागेश्वर (उत्तराखंड)

उत्तराखंड में बागेश्वर सीट पर 4 बार के भाजपा विधायक चंदन राम दास के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। उन्होंने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार रंजीत दस को हराया था। इस बार भाजपा उम्मीदवार और दास की विधवा पार्वती देवी और कांग्रेस उम्मीदवार बसंत कुमार के बीच मुख्य मुकाबला है। कांग्रेस के चुनाव लड़ने के बावजूद INDIA की सहयोगी समाजवादी पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार भगवती प्रसाद को मैदान में उतारा है।

चुनाव 

धुपगुड़ी (पश्चिम बंगाल) 

भाजपा के बिष्णुपदा रे ने 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की मिताली रॉय को मामूली अंतर से हराया था। हालांकि, जुलाई में उनके निधन के बाद यह सीट खाली हो गई। इस बार भाजपा ने CRPF के शहीद जवान जगन्नाथ रॉय की विधवा तापसी रॉय को TMC के निर्मल चंद्र रॉय के खिलाफ मैदान में उतारा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) CPI(M) ने कांग्रेस के सहयोग के साथ लोक कलाकार ईश्वर चंद्र रॉय को उम्मीदवार बनाया है।

चुनाव 

घोसी (उत्तर प्रदेश) 

कद्दावर OBC नेता दारा सिंह चौहान के समाजवादी पार्टी (SP) से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शमिल होने के कारण घोसी सीट पर उपचुनाव हो रहा है। भाजपा ने अपने पिछले उम्मीदवार विनय कुमार राजभर की जगह चौहान को मैदान में उतारा है, जबकि सपा ने राजपूत नेता सुधाकर सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने आपसी मतभेदों को भुलाते हुए सपा उम्मीदवार सिंह को समर्थन देने की बात कहते हुए चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है।

चुनाव 

धनपुर (त्रिपुरा)

त्रिपुरा में इस साल फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में धनपुर सीट पर जीत दर्ज करने वालीं केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के इस्तीफे के कारण इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। भाजपा ने उपचुनाव में भौमिक के भाई बिंदू देबनाथ को मैदान में उतारा है, वहीं CPI(M) ने भौमिक से हारने वाले कौशिक चंदा को टिकट दिया है। कांग्रेस के CPI(M) को समर्थन देने के कारण मुख्य मुकाबला देबनाथ और चंदा के बीच है।

चुनाव 

बॉक्सानगर (त्रिपुरा) 

बॉक्सानगर में CPI(M) विधायक समसुल हक के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के तफज्जल हुसैन को 5,000 से भी कम वोटों के अंतर से हराया था। यह सीट 2003 से CPI(M) के कब्जे में है और कांग्रेस इस बार उसे अपना समर्थन दे रही है। इस बार CPI(M) ने हक के बेटे मिराज हुसैन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने तफज्जल हुसैन को दोबारा मैदान में उतारा है।

चुनाव 

पुथुपल्ली (केरल) 

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता ओमान चांडी के निधन के बाद पुथुपल्ली सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वे 1970 से इस सीट पर जीत दर्ज करके आ रहे थे। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने चांडी के बेटे को अपना उम्मीदवार बनाया है। सत्तारूढ़ CPI(M) ने जैक थॉमस को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी (AAP) भी पहली बार केरल में चुनाव लड़कर किस्मत आजमा रही है।

चुनाव 

विपक्षी गठबंधन के लिए क्यों महत्वपूर्ण हैं ये उपचुनाव?

इस उपचुनाव में कुछ सीटों पर INDIA के सहयोगियों ने विपक्षी एकता को प्रदर्शित करते हुए एक-दूसरे के उम्मीदवार को अपना समर्थन दिया है। हालांकि, कुछ सीटों पर INDIA के सहयोगी अपने-अपने उम्मीदवार उतारकर एक-दूसरे के खिलाफ ही ताल ठोक रहे हैं। इन सीटों के नतीजे 8 सितंबर को आएंगे और इसमें ये देखना होगा कि साथ लड़ने पर INDIA की पार्टियों को एक-दूसरे के वोट मिले या नहीं। इससे इन राज्यों में गठबंधन का भविष्य तय हो सकता है।

गठबंधन 

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

कांग्रेस समेत 28 विपक्षी पार्टियों ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में केंद्र में काबिज मोदी सरकार को हराने के लिए इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्यूसिव अलायंस (INDIA) नामक गठबंधन बनाया है। INDIA की अब तक 3 बैठकें हो चुकी हैं। पहली बैठक पटना में, दूसरी बेंगलुरू में और तीसरी बैठक मुंबई में हुई। विपक्षी पार्टियों ने आपस में समन्वय के लिए 13 सदस्यीय समिति का गठन किया है। हालांकि, सीट बंटवारे पर अब तक कोई चर्चा नहीं हुई है।