Page Loader
गुजरात: AAP प्रमुख का दावा- कांग्रेस के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेगी पार्टी
गुजरात में आम आमदी पार्टी के प्रमुख इसुदान गढ़वी ने कहा AAP और कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे चुनाव

गुजरात: AAP प्रमुख का दावा- कांग्रेस के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेगी पार्टी

लेखन गजेंद्र
Aug 07, 2023
05:26 pm

क्या है खबर?

गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख इसुदान गढ़वी ने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस और AAP सीट बंटवारे के फार्मूले के तहत मिलकर लड़ेंगे। गढ़वी ने मीडिया से कहा, "AAP और कांग्रेस दोनों INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं। यह चुनावी गठबंधन गुजरात में भी लागू किया जाएगा। हालांकि, गठबंधन की बातचीत अभी भी प्राथमिक स्तर पर है, लेकिन यह निश्चित है कि दोनों सीट बंटवारे के फॉर्मूले के तहत लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।"

बयान

भाजपा नहीं जीत पाएगी सभी 26 सीटें- गढ़वी

गढ़वी ने आगे कहा, "अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो मैं इस बात की गारंटी देता हूं कि भाजपा गुजरात में सभी 26 सीटें नहीं जीत पाएगी। AAP की गुजरात इकाई ने पहले ही उन सीटों के बारे में शोध करना शुरू कर दिया है, जिन पर पार्टी उम्मीदवार उतार सकती है।" बता दें कि 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा चुनाव में जहां कांग्रेस ने 17 सीटें हासिल कीं थी, वहीं AAP ने 5 सीटें जीती थीं।

प्रतिक्रिया

कांग्रेस ने क्या कहा?

NDTV के मुताबिक, गढ़वी की घोषणा पर गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा, "मुझे अभी उनकी घोषणा के बारे में पता चला है। अन्य दलों के साथ सीट बंटवारे को केंद्रीय नेतृत्व अंतिम रूप देता है। चुनाव पूर्व गठबंधन पर निर्णय उनका विशेषाधिकार है। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा इस मुद्दे को उठाने पर राज्य नेतृत्व चर्चा करेगा। इस संबंध में राष्ट्रीय नेताओं के निर्देशों का पालन होगा।" भाजपा ने AAP को कांग्रेस की 'B' टीम बताया है।