
सलमान खान की पिछली 5 फिल्मों में इन अभिनेत्रियों के साथ बनी जोड़ी
क्या है खबर?
सलमान खान इन दिनों गलवान घाटी संघर्ष पर बन रही फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। वह इसके लिए कड़ा प्रशिक्षण ले रहे हैं। वर्कआउट से लेकर डाइट तक, सलमान अपने किरदार से न्याय करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस फिल्म में सलमान अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह से इश्क फरमाते नजर आएंगे। आइए जानें पिछली 5 फिल्मों में सलमान की जोड़ी किन अभिनेत्रियों के साथ बनीं और कौन-सी फिल्म हिट हुई।
#1
'सिकंदर'
सलमान इसी साल 'सिकंदर' लाए थे, जिसके चर्चे खूब हुए, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका बुरा हश्र हुआ। नेटफ्लिक्स पर मौजूद इस फिल्म के जरिए पहली बार सलमान और रश्मिका मंदाना की जोड़ी दर्शकों के बीच आई। उनके बीच 31 साल के उम्र के फासले पर भी खूब बवाल हुआ, जिस पर सलमान बोले कि अगर रश्मिका इजाजत देंगी तो वह उनकी बेटी के साथ भी फिल्म करेंगे। खैर, रश्मिका और सलमान की जोड़ी वाली यह फिल्म फ्लॉप हो गई।
#2
'टाइगर 3'
साल 2023 में सलमान की फिल्म 'टाइगर 3' आई थी, जिसने कमाई भले ही ठीक-ठाक कर ली, लेकिन फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। यह 'टाइगर' फ्रेंचाइजी की सबसे कमजोर फिल्म साबित हुई। हालांकि, फिल्म चाहे जैसी भी हो, लेकिन सलमान के साथ कैटरीना कैफ की जोड़ी ने पर्दे पर खूब धूम मचाई। 300 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 464 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर है।
#3
'किसी का भाई किसी की जान'
सलमान साल 2023 में ही 'किसी का भाई किसी की जान' के साथ सिनेमाघरों में हाजिर हुए थे। इसमें अभिनेत्री पूजा हेगड़े उनकी जोड़ीदार थीं। फिल्म में बड़े-बड़े सेट थे। सलमान का स्वैग था। तड़कते-भड़कते गाने थे, लेकिन सबसे जरूरी चीज कहानी पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। उसकी वजह से भाई के होने के बावजूद फिल्म बेजान लगी। 225 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने महज 182 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म ZEE5 पर है।
#4 और #5
'राधे' और 'दबंग 3'
साल 2021 में आई 'राधे' में सलमान की जोड़ी दिशा पाटनी के साथ बनी थी, जिसे दर्शकों ने बुरी तरह नकार दिया था। दिशा संग सलमान की जोड़ी काफी अटपटी लग रही थी। दिशा को गानों और ग्लैमर बढ़ाने के अलावा कुछ नहीं दिया गया। यह फिल्म ZEE5 पर मौजूद है। दूसरी ओर नेटफ्लिक्स पर मौजूद साल 2019 में आई 'दबंग 3' हिट थी। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा के साथ सलमान की जोड़ी को दर्शकों ने पास कर दिया था।