LOADING...
कर्नाटक: उडुपी वीडियो कांड पर सिद्धारमैया के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने पर महिला भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार
कर्नाटक में सिद्धारमैया के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने पर भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार (तस्वीर: ट्विटर/@siddaramaiah)

कर्नाटक: उडुपी वीडियो कांड पर सिद्धारमैया के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने पर महिला भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Jul 28, 2023
06:04 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक में उडुपी वीडियो कांड को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने पर बेंगलुरू में भाजपा की महिला कार्यकर्ता को शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शकुंतला ने कांग्रेस नेता के एक ट्वीट पर टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने लिखा, 'अगर यह सिद्धारमैया की बहू या उनकी पत्नी के साथ हुआ होता तो क्या तब भी आप ऐसा कहते?' कांग्रेस नेता ने भाजपा पर उडुपी मामले को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया था।

विवाद

क्या है मामला?

कर्नाटक के उडुपी में एक निजी पेशेवर प्रशिक्षण कॉलेज में 3 छात्राओं पर महिला शौचालय में चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया गया है। एक छात्रा ने जब मोबाइल देखा तो मामले का खुलासा हुआ। कॉलेज प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए 3 छात्राओं को निलंबित कर दिया था। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने इसे छोटी घटना बताई थी, जबकि भाजपा ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लीपापोती का आरोप लगाया था।