मनाली घूमने जा रहे हैं तो जान लें ये जरूरी बातें, यात्रा बन जाएगी आरामदायक

हिमाचल प्रदेश में स्थित मनाली भारत के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है, जो समुद्र तल से लगभग 2,050 मीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। यह पर्यटन स्थल प्रकृति नजारों, धार्मिक स्थल, झरने और एडवेंचर गतिविधियों के लिए आदर्श माना जाता है। अगर आप इन्हीं खूबियों के कारण छुट्टियों में मनाली घूमने जाने वाले हैं तो आइए आज हम आपको कुछ महत्वपूर्ण बातें बताते हैं, ताकि आपके लिए आपकी यात्रा आरामदायक और मजेदार बन सके।
हवाई मार्ग: भुंतर हवाई अड्डा मनाली से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर है, जहां से आप टैक्सी से मनाली पहुंच सकते हैं। रेल मार्ग: जोगिंदर नगर निकटतम रेलवे स्टेशन है, जो मनाली से 145 किलोमीटर है और वहां से आपको मनाली तक पहुंचने में साढ़े चार घंटे लग सकते हैं। सड़क मार्ग: मनाली दिल्ली से लगभग 518 किलोमीटर की दूरी पर है। अगर आप अपने निजी वाहन से यात्रा कर रहे हैं तो इस रास्ते जाएं- दिल्ली>पानीपत>अंबाला>चंडीगढ़>बिलासपुर>सुंदरनगर>मंडी>भुंतर>मनाली।
मनाली के कई पर्यटन स्थल आकर्षण का केंद्र हैं, जिसमें हिडिम्बा देवी मंदिर भी शामिल है। यह एक प्राचीन गुफा मंदिर है, जो भीम की पत्नी हिडिंबी देवी को समर्पित है। इसके अतिरिक्त, आप जोगिनी झरने, पैराडाइज वैली और ओल्ड मनाली जैसे पर्यटन स्थलों को अपनी यात्रा का हिस्सा बना सकते हैं। एडवेंचर के तौर पर आप मनाली में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, स्कींग, माउंटेन बाइकिंग और बंजी जंपिंग जैसी गतिविधियों का लुत्फ उठा सकते हैं।
जून से अक्टूबर का समय मनाली घूमने के लिए सबसे अच्छा होता है। इस दौरान यहां का औसत उच्च तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है और औसत न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। इस समय मनाली का मौसम सुहावना रहता है और बर्फबारी भी कम होती है, इसलिए अपने ट्रैवलिंग बैग में कुछ गर्म कपड़े रखना न भूलें, क्योंकि यहां शाम के समय ठंड लग सकती है।
अगर आपको कम भीड़-भाड़ वाली जगहों पर घूमना पसंद है तो बेहतर होगा कि आप मनाली में एक-दो दिन रूकें, फिर वहां से इसके नजदीक मौजूद ऑफबीट पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए निकल जाएं। ऑफबीट पर्यटन स्थलों के तौर पर आप ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क, जीभी, सैंज घाटी, तीर्थन घाटी, ब्यास कुंड, भृगु झील और स्पीति घाटी की यात्रा कर सकते हैं, क्योंकि ये कम भीड़-भाड़ और शांत वातावरण वाली जगहे हैं।