Page Loader
करवा चौथ का व्रत खोलने के लिए पत्नियां खाएं ये 4 स्वादिष्ट और हल्के खाद्य पदार्थ

करवा चौथ का व्रत खोलने के लिए पत्नियां खाएं ये 4 स्वादिष्ट और हल्के खाद्य पदार्थ

लेखन सयाली
Oct 20, 2024
07:01 am

क्या है खबर?

शादीशुदा महिलाएं आज (20 अक्टूबर) को करवा चौथ का त्योहार मना रही हैं। आज के दिन सभी महिलाएं अपने पति के लिए व्रत रखती हैं और उनकी लंबी आयु की कामना करती हैं। करवा चौथ के उपवास के दौरान पत्नियां कुछ भी खा-पी नहीं सकती हैं। सारा दिन भूखे-प्यासे रहने के बाद महिलाओं का शरीर थक सकता है, जिसके बाद उन्हें स्वस्थ खाद्य पदार्थ खाने चाहिए। करवा चौथ का व्रत खोलने के लिए ये 4 खाद्य पदार्थ खाएं।

#1

घर की बनी रोटी-सब्जी

करवा चौथ का व्रत करते हुए भी ज्यादातर महिलाओं पर खाना बनाने की जिम्मेदारी रहती है। ऐसे में आप खाने में कोई पारंपरिक सब्जी और गेहूं के आटे की रोटी बना सकती हैं। आप पनीर, मशरूम या आलू की सब्जी तैयार करें, लेकिन उसमें अधिक तेल और मसाले इस्तेमाल न करें। सब्जी रोटी खाने से आपको बदहजमी भी नहीं होगी और आपकी भूख भी मिट जाएगी। महिलाओं को करवा चौथ का व्रत करते समय इन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

#2

फल और सूखे मेवे

भोजन या पानी के बिना पूरा दिन बिताने के बाद आपको कुछ हल्का और हाइड्रेटिंग ही खाना चाहिए। अपने करवा चौथ के व्रत को खोलने के लिए अनार, सेब, पपीता या केले जैसे ताजे मौसमी फलों का सेवन करें। खान-पान में ये फल शामिल करने से आपके शरीर को आवश्यक विटामिन, खनिज और फाइबर मिल सकते हैं। इसके अलावा, आप सूखे मेवे खाकर भी अपना व्रत खोल सकती हैं। इनके जरिए आपको तुरंत ऊर्जा मिल जाएगी।

#3

नारियल पानी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, करवा चौथ पर व्रत करने के बाद नारियल पानी पीना सबसे अच्छा रहता है। यह पेय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है और शरीर को उचित हाइड्रेशन प्रदान कर सकता है। इसके अलावा, इसमें मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स आपके शरीर को ऊर्जा भी प्रदान कर सकते हैं। यह एक प्राकृतिक पेय होने के कारण शरीर को नुकसान भी नहीं पहुंचाता है। आप करवा चौथ पर सरगी करते समय ये 5 व्यंजन खा सकती हैं।

#4

दही और छाछ

पूरे दिन बिना पानी के रहने के बाद आपके पाचन तंत्र को सामान्य स्थिति में आने के लिए थोड़ी मदद की आवश्यकता हो सकती है। इसके लिए आप ताजी जमी हुई दही खा सकती हैं या छाछ पी सकती हैं। दही पेट को ठंडा कर सकता है और आवश्यक प्रोटीन व कैल्शियम प्रदान कर सकता है। साथ ही, ठंडी छाछ में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो आपकी भूख को शांत करके आपको ऊर्जावान बना सकते हैं।