Page Loader
हिमाचल की वादियों के साथ-साथ यहां का खाना भी है मशहूर, जरूर चखें ये पारंपरिक व्यंजन

हिमाचल की वादियों के साथ-साथ यहां का खाना भी है मशहूर, जरूर चखें ये पारंपरिक व्यंजन

लेखन सयाली
Sep 23, 2024
04:18 pm

क्या है खबर?

हिमाचल प्रदेश एक बेहद खूबसूरत राज्य है, जहां की वादियां और सुंदर नजारे सभी का मन मोह लेते हैं। यहां साल भर पर्यटकों की भीड़ देखने को मिलती है। हालांकि, यहां पर बनने वाला पारंपरिक भोजन भी बहुत स्वादिष्ट होता है। हिमाचल का खान-पान अन्य राज्यों से अलग होता है और शरीर को गर्मी प्रदान करने का काम करता है। आप इस बार हिमाचल प्रदेश की यात्रा के दौरान यहां के ये 5 पारंपरिक व्यंजन जरूर खाएं।

#1

सिड्डू

सिड्डू हिमाचल प्रदेश का सबसे प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड है, जो अब देश के अन्य हिस्सों में भी मिलने लगा है। हालांकि, इसका असली स्वाद आपको हिमाचल में ही मिलेगा। इसे बनाने के लिए आटे का इस्तेमाल किया जाता है और इसकी फिलिंग अखरोट से तैयार की जाती है। इसे भांप में पकाते हैं और लाल चटनी, हरी चटनी और घी के साथ खाते हैं। जानिए घर पर ही सिड्डू बनाने की आसान रेसिपी

#2

चना मदरा

अगर आपको छोला खाना पसंद है तो आपको हिमाचल का मशहूर चना मदरा भी जरूर खाना चाहिए। यह एक प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड है और इसे हिमाचली लोग अपने घर पर भी बनाते हैं। चना मदरा बनाने में प्याज, लहसुन और टमाटर का इस्तेमाल नहीं होता, लेकिन इसका स्वाद लाजवाब होता है। इसे बनाने के लिए छोले, खड़े मसालों, दही, नमक, इमली और तेल का उपयोग किया जाता है। चना मदरा हिमाचल की शादियों में जरूर बनाया जाता है।

#3

खट्टा

खट्टा हिमाचल का एक पारंपरिक व्यंजन है, जिसे यहां के सभी गांव व शहर में बनाया जाता है। हालांकि, मनाली में यह व्यंजन सबसे पुराने तरीके से बनाया जाता है। इसकी रेसिपी में सबसे पहले काले चनों को भिगोकर कुकर में पकाया जाता है। फिर इन्हें गुड़, बेसन, हींग, पानी और मसालों में मिलाया जाता है और तेल में भूना जाता है। आप इसमें कद्दू भी इस्तेमाल कर सकते हैं और इसे रोटी व चावल के साथ खा सकते हैं।

#4

तुड़किया भात

अगर आपको चावल खाना पसंद है तो हिमाचल आकर यहां का मशहूर तुड़किया भात खाना न भूलें। यह व्यंजन चावल, मसूर की दाल, दही, मसालों और सब्जियों को मिलाकर तैयार किया जाता है। इसे बनाने में दगद फूल या कलपासी जैसे मसालों का भी उपयोग किया जाता है, जो हिमाचल में उपलब्ध मसाले हैं। अगर आप इसे दाल के साथ खाएंगे, तो इसका स्वाद दोगुना हो जाएगा। आप हिमाचल प्रदेश आकर यहां के 5 खूबसूरत झरने भी देख सकते हैं।

#5

पट्टानडे

हिमाचल में पैनकेक के समान दिखने वाला एक व्यंजन मिलता है, जिसे पट्टानडे कहते हैं। कई जगहों पर इसे बबरू नाम से भी जाना जाता है। इसे पारंपरिक तौर पर राजमा, काली उड़द की डाल और घी के साथ परोसा जाता है। इस व्यंजन को बनाने के लिए आटा, नमक और पानी उपयोग होता है। इन तीनों सामग्रियों को मिलाकर एक गीला मिश्रण तैयार किया जाता है। इसके बाद इसे तवे पर पैनकेक की तरह पका लिया जाता है।