Page Loader
उत्तर कोरिया टेस्ट कर रहा एक के बाद एक कई घातक हथियार, क्या है इरादा?
हालिया दिनों में कई मिसाइलें टेस्ट कर चुका है उत्तर कोरिया

उत्तर कोरिया टेस्ट कर रहा एक के बाद एक कई घातक हथियार, क्या है इरादा?

Nov 09, 2022
05:25 pm

क्या है खबर?

उत्तर कोरिया पिछले कई दिनों से एक के बाद एक मिसाइल टेस्ट कर रहा है। यह भी माना जा रहा है कि वह जल्द ही परमाणु परीक्षण कर सकता है। तानाशाह शासक किम जोंग उन के लिए इन हथियारों की टेस्टिंग काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि वो इन्हें अपनी सत्ता को 'दुश्मन ताकतों' से संभावित हमलों से बचाने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं। आइये उत्तर कोरिया की इस पूरी कवायद को विस्तार से समझने की कोशिश करते हैं।

मकसद

क्या है इस सक्रियता के पीछे का इरादा?

कुछ जानकार मानते हैं कि हथियारों की टेस्टिंग को लेकर उत्तर कोरिया की सक्रियता के पीछे एक बड़ा मकसद है। यह इरादा दक्षिण कोरिया पर हमला करना और उसकी मदद के लिए अमेरिका को आगे आने से रोकना है। किम जोंग उन के दादा ने भी 1950 में ऐसी कोशिश की थी, लेकिन वो सफल नहीं हो पाए थे। पिछले कुछ दिनों से उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच बढ़ता तनाव चिंता का विषय बना हुआ है।

परमाणु हथियारों का इस्तेमाल

सितंबर में किम ने बदला अपना स्टैंड

38 वर्षीय किम ने शुरुआत में निशस्त्रीकरण की बात की थी, लेकिन सितंबर में उन्होंने अपना स्टैंड बदलते हुए कहा कि उत्तर कोरिया का परमाणु संपन्न देश का स्टेट्स नहीं बदला जा सकता। उन्होंने एक नए कानून को भी हरी झंडी दिखाई थी, जिसमें पहले परमाणु हमले का प्रावधान किया गया है। 2001 में सत्ता संभालने के बाद से किम के शासन में उत्तर कोरिया अपने छह में से चार परमाणु परीक्षण कर चुका है।

उत्तर कोरिया

2017 में किया गया था आखिरी परमाणु परीक्षण

अलजजीरा के अनुसार, उत्तर कोरिया अभी तक अपने सारे परमाणु परीक्षण उत्तरी हेमग्योंग प्रांत के एक पहाड़ी इलाके में करता आया है। पहला परीक्षण यहां अक्टूबर, 2006 में किया गया था, जो एक किलोटन का था, जबकि आखिरी परीक्षण सितंबर, 2017 में किया गया। यह हिरोशिमा और नागासाकी को तबाह करने के लिए अमेरिका के गिराए गए परमाणु बमों से 16 गुना अधिक शक्तिशाली था। अनुमान है कि यह 250 किलोटन का परमाणु बम था।

जानकारी

उत्तर कोरिया के पास कितने परमाणु हथियार?

उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों की संख्या को लेकर विशेषज्ञ एकमत नहीं है। बुलेटिन ऑफ एटॉमिक साइंटिस्ट के हेंस क्रिस्टन और मैट कोर्डा का अनुमान है कि उत्तर कोरिया के पास अभी 45-55 परमाणु बम बनाने के योग्य जरूरी सामग्री है और उसने 20-30 हथियार बना लिए होंगे। वहीं कुछ अन्य जानकारों का मानना है कि उत्तर कोरिया के पास 40-70 परमाणु हथियार हैं। इनमें से कुछ अधिक क्षमता वाले हैं, लेकिन अधिकतर की क्षमता कम है।

जानकारी

सातवें परमाणु परीक्षण की तैयारी में उत्तर कोरिया

विशेषज्ञ मान रहे हैं कि उत्तर कोरिया अपने सातवें परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों में परीक्षण स्थल पर सुरंगों की खुदाई और अन्य निर्माण कार्य देखे जा सकते हैं। अमेरिका स्थित एक थिंक टैंक स्टिमसन सेंटर से जुड़े विशेषज्ञ ने बताया कि इस बार किम 'सुपर साइज' परमाणु हथियार का परीक्षण कर सकते हैं, जो पिछले वाले से भी ज्यादा क्षमता का हो सकता है या यह मिसाइल पर फिट होने वाला छोटा हथियार होगा।

आशंका

क्या अमेरिका और दक्षिण कोरिया पर हमला कर सकते हैं किम?

उत्तर कोरिया की परमाणु हथियारों से हमले की क्षमता पर विशेषज्ञों के अलग-अलग मत हैं। कईयों को उत्तर कोरिया की मिसाइलों पर अंदेशा है तो कुछ का कहना है कि वह दक्षिण कोरिया समेत अपने पड़ोसियों पर परमाणु हथियारों से हमले की क्षमता रखता है। हालांकि, अपने तमाम हथियारों के बाद भी अमेरिका के सामने उत्तर कोरिया की क्षमता कम पड़ जाती है। वहीं, अमेरिका कई स्थानों से उत्तर कोरिया पर मिसाइलें दाग सकता है।