
यूक्रेनी सेना रूस में 35 किलोमीटर अंदर तक घुसी, सुद्जा शहर पर किया कब्जा
क्या है खबर?
यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध में यूक्रेन की ओर से निर्णायक कार्रवाई देखने को मिल रही है। अब यूक्रेन ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में सुद्जा शहर पर कब्जा कर लिया है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने खुद इस बात का दावा किया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सेना रूस में 35 किलोमीटर अंदर तक घुस चुकी है और बीते 10 दिनों में रूस के 82 गांवों पर कब्जा कर लिया है।
यूक्रेन
यूक्रेन ने रूस में बनाया सैन्य कार्यालय
यूक्रेन ने रूस के पश्चिमी कुर्क्स में अपना सैन्य कार्यालय भी बना लिया है। यूक्रेन के शीर्ष कमांडर ओलेक्सांद्र सिर्स्की ने कहा कि यहां से वे रूस पर हमला जारी रखे हुए हैं।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में जनरल सिर्स्की ने कहा कि यह कार्यालय उस इलाके में बनाया गया है, जहां पर यूक्रेन का नियंत्रण है। सिर्स्की के मुताबिक, ये कार्यालय कानून व्यवस्था को बनाए रखेगा और लोगों की तत्काल जरूरतों को पूरा करेगा।
गैस पाइपलाइन
गैस सप्लाय होगी प्रभावित
सुद्जा शहर यूक्रेन की सीमा से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। यहां रूस का एक गैस पाइपलाइन स्टेशन है, जिससे वह यूरोपीय देशों को गैस सप्लाय करता है।
2023 में यूरोप में भेजी जाने वाली रूसी प्राकृतिक गैस का आधा हिस्सा यहीं से होकर गुजरा था। यूरोपीय संघ (EU) की कुल खपत की 5 प्रतिशत गैस भी यहीं से जाती है। ऐसे में तय है कि यूक्रेनी कब्जे से गैस सप्लाय प्रभावित होगी।
कब्जा
यूक्रेन ने रूस के 1,150 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर किया कब्जा
जनरल सिर्स्की के मुताबिक, यूक्रेनी सैनिकों ने 82 बस्तियों सहित, 1,150 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।
14 अगस्त को अब तक के सबसे बड़े हमले में यूक्रेनी ड्रोन ने 4 रूसी एयरफील्ड्स को निशाना बनाया। CNN के मुताबिक, हमले में कुर्स्क और वोरोनिश के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों और निजनी नोवगोरोड में 4 ठिकानों को निशाना बनाया गया था।
द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद ये पहली बार है, जब रूस के इतने बड़े इलाके पर विदेशी कब्जा हुआ है।
पलायन
2 लाख से ज्यादा लोगों ने घर छोड़े
रूस ने कुर्स्क में 8 अगस्त को आपातकाल का ऐलान किया था। इसके बाद बेलगोरोद में आपातकाल लगाया गया।
रूसी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, बेलगोरोद के कुछ इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है। यारुगा जिले से 11,000 लोगों को निकाला गया है। गुल्शकोवो जिले को भी खाली कराया गया है।
BBC के मुताबिक, यूक्रेन के अप्रत्याशित हमले के बाद 2 लाख से ज्यादा रूसी नागरिकों ने अपने घरों को छोड़ दिया है।
रूस
रूस कैसे कर रहा है पलटवार की तैयारी?
रूसी रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव ने यूक्रेन के हमले पर कहा कि हम कुर्क्स क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।
इससे पहले रूस के उप-राजपूत दिमित्री पोलियांस्की ने संयुक्त राष्ट्र (UN) में कुर्स्क पर यूक्रेन के हमले को 'पागलपन' करार दिया। उन्होंने कहा, "रूस जल्द ही कुर्स्क से यूक्रेनियों को खदेड़ देगा। कुर्स्क एक जंगली इलाका है, जहां नियंत्रण बनाए रखना उनके लिए बहुत मुश्किल होगा।"