Page Loader
युद्ध की शुरुआत के बाद यूक्रेन और रूस ने पहली बार रिहा किए एक-दूसरे के सैनिक
युद्ध की शुरुआत के बाद यूक्रेन और रूस ने पहली बार रिहा किए एक-दूसरे के सैनिक

युद्ध की शुरुआत के बाद यूक्रेन और रूस ने पहली बार रिहा किए एक-दूसरे के सैनिक

Mar 25, 2022
02:02 pm

क्या है खबर?

पिछले एक महीने से जारी युद्ध के बीच रूस और यूक्रेन ने पहली बार एक-दूसरे के सैनिकों के बदले बंदी बनाए गए सैनिकों को रिहा किया है। यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री ने यह जानकारी देते हुए फेसबुक पर लिखा कि राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की के निर्देशों पर युद्धबंदियों की अदला-बदली की गई है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन ने रूस के 10 युद्धबंदियों को रिहा किया और इसके बदले में रूस ने उसके इतने ही सैनिकों को रिहा किया है।

यूक्रेन युद्ध

आम नागरिकों की भी हुई रिहाई

यूक्रेन ने तटीय शहर ओडेशा के पास से हिरासत में लिए गए रूस के 11 समुद्री जहाज कर्मचारियों को रिहा कर दिया है। इसके बदले रूस ने एक यूक्रेनी जहाज के चालक दल के 19 सदस्यों को रिहा किया है। रूस की तरफ से इन दोनों घटनाओं की पुष्टि की गई है। इससे पहले रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि युद्ध की शुरुआत से दो बार अपने युद्धबंदियो को रिहा करवा चुका है।

जानकारी

रूस ने मेयर के बदले रिहा करवाए थे नौ सैनिक

पिछले सप्ताह रूस ने यूक्रेनी शहर मेलिटोपोल के मेयर इवान फेडोरोव को रिहा करने के बदले अपने नौ सैनिक छुड़वाए थे। हालांकि, यूक्रेन ने दावा किया था कि रिहा किए गए सभी युद्धबंदी बच्चे थे और उन्हें जबरदस्ती रूसी सेना में शामिल किया गया था। रूस की कैद से आजाद होने वाले सभी युद्धबंदियों ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यूक्रेन ने इन मामलों को हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में उठाने की बात कही है।

यूक्रेन

युद्ध की क्या स्थिति?

24 फरवरी से जारी यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध को एक महीना हो चुका है। और इसकी भारी मानवीय कीमत चुकानी पड़ रही है। संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि युद्ध में हजारों लोगों की मौत हो चुकी है और उससे ज्यादा घायल हुए हैं। यूक्रेन के करीब 36 लाख लोगों को अपना घर छोड़कर विदेशों में शरण लेनी पड़ी है। यूक्रेन के आधे से अधिक बच्चों को अपना घर छोड़ना पड़ा है।

जानकारी

आज यूक्रेन के सीमा के पास पहुंचेंगे जो बाइडन

यूरोप दौरे पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन आज पोलैंड का दौरा करेंगे। बाइडन यूक्रेनी सीमा से 80 किलोमीटर दूर स्थित पॉलिश शहर रेस्जॉव का दौरान करेंगे। इससे पहले उन्होंने NATO की अहम बैठक में हिस्सा लिया था।

दावा

24 घंटों में रूस के 200 सैनिक मारे- यूक्रेन

यूक्रेन ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में उसकी सेना ने रूस के 200 सैनिकों को मार गिराया है और नौ हमलों को टाल दिया है। यूक्रेनी सेना की तरफ से फेसबुक पर लिखा गया कि बीते दिन रूस के 12 टैंक, 20 सैन्य वाहन, नौ हथियार सिस्टम, तीन विमान और तीन ड्रोन नष्ट किए गए हैं। रूस की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।