LOADING...
लोकसभा चुनाव: MVA में सीटों का बंटवारा; शिवसेवा (उद्धव) को 21, कांग्रेस को 17 सीटें मिलीं
लोकसभा चुनाव के लिए MVA में सीट बंटवारा हो गया है

लोकसभा चुनाव: MVA में सीटों का बंटवारा; शिवसेवा (उद्धव) को 21, कांग्रेस को 17 सीटें मिलीं

लेखन आबिद खान
Apr 09, 2024
01:06 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (MVA) में सीटों का बंटवारा हो गया है। कांग्रेस को 17, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) को 21 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) गुट को 10 सीटें मिली हैं। सीटों के लिहाज से शिवसेना गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मुंबई में हुई एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीनों पार्टियों के नेताओं ने इसकी जानकारी दी। नेताओं ने कहा कि वे जल्द ही मिलकर प्रचार भी करेंगे।

कांग्रेस

कांग्रेस किन सीटों पर लड़ेगी चुनाव?

गठबंधन में कांग्रेस को रामटेक, नागपुर, भंडारा गोंदिया, गडचिरोली, लातूर, सोलापूर, कोल्हापूर, पुणे, नांदेड, अमरावती, नंदुरबार, अकोला, चंद्रपूर, धुले, जालना, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-मध्य सीट मिली है। शरद पवार की NCP बारामती, शिरूर, सातारा, भिवंडी, दिंडोरी, माढा, रावेर, वर्धा, अहमदनगर दक्षिण और बीड पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा, "हमने सीट बंटवारे की समस्या खत्म कर दी है। हमारे कार्यकर्ताओं को भी भाजपा को हराने के लिए बड़ा दिल दिखाना चाहिए।"

शिवसेना

शिवसेना के हिस्से में कौन-कौन-सी सीटें आईं?

शिवसेना जलगांव, परभणी, नासिक, पालघर, कल्याण, ठाणे, रायगढ़, मवाल, धाराशिव, रत्नागिरी, बुलढाणा, शिरडी, संभाजीनगर, सांगली, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई दक्षिण, मुंबई उत्तर पूर्व, मुंबई दक्षिण मध्य, यवतमाल, हिंगोली और हातकणंगले सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। शिवसेना ने 21 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान पहले ही कर दिया है। इससे पहले गठबंधन में सांगली, भिवंडी और मुंबई उत्तर सीट को लेकर मतभेद बना हुआ था। हालांकि, अब ये सीटें क्रमश: शिवसेना, NCP और कांग्रेस के खाते में आई हैं।

Advertisement

बयान

उद्धव ने साधा प्रधानमंत्री पर निशाना

उद्धव ठाकरे ने कहा, "कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र में आए थे। एक तो कल सूर्यग्रहण था, अमावस भी थी और मोदी की सभा भी थी। प्रधानमंत्री अगर एक पार्टी का प्रचार करने लगें तो ये अच्छी बात नहीं होगी। अगर हम उनकी आलोचना कर रहे हैं तो ध्यान रहे कि हम देश के प्रधानमंत्री की आलोचना नहीं कर रहे हैं, बल्कि हम 'भ्रष्ट जनता पार्टी' यानी भाजपा के एक नेता की आलोचना कर रहे हैं।"

Advertisement

मतदान

महाराष्ट्र में 5 चरणों में होगा मतदान

महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर 5 चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को चुनाव होंगे। सीटों के लिहाज से ये राज्य काफी अहम है क्योंकि यहां उत्तर प्रदेश के बाद सबसे ज्यादा 48 लोकसभा सीटें हैं। पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा ने 23, अविभाजित शिवसेना ने 18 और अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने 4 सीट जीती थी। कांग्रेस, AIMIM और निर्दलीय को एक-एक सीट मिली थी।

Advertisement