LOADING...
प्रियंका गांधी रायबरेली से लड़ सकती हैं लोकसभा चुनाव, राहुल अमेठी और वायनाड से लड़ेंगे- रिपोर्ट
राहुल गांधी अमेठी और प्रियंका गांधी रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं

प्रियंका गांधी रायबरेली से लड़ सकती हैं लोकसभा चुनाव, राहुल अमेठी और वायनाड से लड़ेंगे- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Mar 06, 2024
05:14 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। इसके अलावा प्रियंका गांधी अपना पहला लोकसभा चुनाव रायबरेली से लड़ सकती हैं। NDTV ने अपनी रिपोर्ट में ये बात कही है। बता दें कि उत्तर प्रदेश की ये दोनों ही सीटों पर कांग्रेस की पकड़ मानी जाती है। हालांकि, पिछले लोकसभा चुनाव में राहुल को अमेठी से स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

वायनाड

वायनाड से भी मैदान में होंगे राहुल

राहुल अमेठी के अलावा केरल की वायनाड सीट से भी किस्मत आजमाएंगे। फिलहाल वे वायनाड से ही सांसद हैं। दिल्ली में हुई बैठक के बाद उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेता प्रदीप सिंघल ने कहा कि राहुल अमेठी से उम्मीदवार होंगे और इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही होगी। बता दें कि राहुल लगातार 3 बार अमेठी से सांसद रहे हैं। उनसे पहले गांधी परिवार के कई सदस्य भी इस सीट से चुनकर संसद पहुंचे हैं।

रायबरेली

सोनिया गांधी की विरासत संभालेंगी प्रियंका?

रायबरेली से 5 बार सांसद रहीं सोनिया गांधी अब राज्यसभा पहुंच गई हैं, जिससे ये सीट खाली हो गई है। चर्चाएं हैं कि अब प्रियंका इस सीट से मैदान में होंगी। सोनिया ने अपने पत्र में इस बात के संकेत भी दिए थे। प्रियंका उत्तर प्रदेश की प्रभारी रही हैं और यहां उनकी अच्छी-खासी पकड़ मानी जाती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली ही उत्तर प्रदेश की एकमात्र सीट थी, जिस पर कांग्रेस को जीत मिली थी।

Advertisement

अमेठी

राहुल-प्रियंका के सामने कौन होगा?

भाजपा ने हाल ही में अपने 195 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसमें अमेठी से एक बार फिर स्मृति ईरानी को टिकट मिला है। अगर राहुल यहां से लड़ते हैं तो 2019 और 2014 की तरह दोनों नेता एक बार फिर आमने-सामने होंगे। दूसरी ओर भाजपा ने रायबरेली सीट पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। पिछले चुनाव में यहां से दिनेश प्रताप सिंह मैदान में थे, जिन्हें सोनिया ने 1.8 लाख वोटों से हराया था।

Advertisement

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में 17 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस

INDIA गठबंधन में हुए सीट बंटवारे के तहत उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं। यहां समाजवादी पार्टी (SP) 62 और एक सीट पर चंद्रशेखर आजाद की भीम पार्टी मैदान में होगी। कांग्रेस के अमेठी, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी, महाराजगंज, देवरिया, बांसगांव, सीतापुर, अमरोहा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, कानपुर, झांसी, बाराबंकी, फतेहपुर सीकरी, सहारनपुर और मथुरा से चुनाव लड़ने की संभावना है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं।

Advertisement