कांग्रेस ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का लोगो-टैगलाइन जारी की, खड़गे ने साधा प्रधानमंत्री पर निशाना
क्या है खबर?
कांग्रेस ने 14 जनवरी से राहुल गांधी के नेतृत्व में निकलने जा रही 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का लोगो और टैगलाइन जारी की है। लोगों के एक हिस्से में तिरंगे के रंग से सजाकर 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' लिखा गया है और दूसरे हिस्से में टैगलाइन 'न्याय का हक, मिलने तक' लिखी गई है।
इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधा।
बयान
खड़गे बोले- संसद में मौका नहीं मिला, इसलिए यात्रा निकाल रहे
खड़गे ने कहा, "राहुल गांधी जी के नेतृत्व में हम 14 जनवरी से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू कर रहे हैं। यह यात्रा देश के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और बुनियादी मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। सरकार ने संसद में हमें मुद्दे उठाने का मौका नहीं दिया, इसलिए यात्रा निकाल रहे हैं। संसद में हमने मुद्दे उठाने चाहे तो उल्टा 146 लोगों को निलंबित किया गया। हम यात्रा में अपनी बात रखेंगे और दूसरों की बात भी सुनेंगे।"
दौरा
खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी के लक्षद्वीप दौरे पर उठाए सवाल
खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "मोदी जी कभी समुद्र में जाकर फोटो सेशन कराते हैं। कभी केरल में कभी मुंबई में। मोदी जी अलग-अलग परिधान में फोटो निकलवा रहे हैं। रोज सुबह भगवान की तरह उन्ही के दर्शन करते हैं, लेकिन ये महापुरुष मणिपुर क्यों नहीं गए। आप लक्षदीप में जाकर पानी में ठहरते हो, लेकिन वहां क्यों नहीं जाते। मणिपुर जाकर देखो क्या हाल है वहां का।"
न्योता
खड़गे को मिला राम मंदिर उद्घाटन समारोह का न्योता
खड़गे ने कहा कि उन्हें राम मंदिर के उद्घाटन समारोह का न्योता मिला है।
उन्होंने कहा, "ट्र्स्ट के सचिव आए थे, न्योता दिया है। मैं जल्द से जल्द तय करूंगा कि क्या करना है। ये निजी आस्था है। आस्था रखने वाले आज भी जा सकते हैं, कल भी जा सकते हैं और परसों भी।"
खड़गे ने कहा कि यात्रा में INDIA गठबंधन की पार्टियों, मित्र पार्टियों और तमाम नागरिकों को भी शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस
कांग्रेस की यात्रा 14 जनवरी से मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।
इस दौरान राहुल 15 राज्यों में 6,713 किलोमीटर का सफर तय करेंगे, जो पिछली भारत जोड़ो यात्रा से करीब दोगुना है। पहले यात्रा 14 राज्यों से होकर गुजरनी थी, लेकिन बाद में इसमें अरुणाचल प्रदेश को भी शामिल किया गया है।
यात्रा उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 10 दिन और राजस्थान में सबसे कम एक दिन तक रहेगी।