Page Loader
उत्तर प्रदेश: INDIA गठबंधन में हुआ सीटों का बंटवारा, कांग्रेस को मिलीं 17 सीटें
कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी

उत्तर प्रदेश: INDIA गठबंधन में हुआ सीटों का बंटवारा, कांग्रेस को मिलीं 17 सीटें

लेखन नवीन
Feb 21, 2024
06:01 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। यहां कांग्रेस 17 सीटों, जबकि समाजवादी पार्टी (SP) 62 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। एक सीट चंद्रशेखर आजाद की भीम पार्टी को दी गई है। इससे पहले दोनों पार्टियों के बीच गठंबधन टूटने की अटकलें थीं, लेकिन अब SP और कांग्रेस सीटों को लेकर एक समझौते पर पहुंच गई। खबर है कि प्रियंका गांधी ने इस पूरे समझौते में अहम भूमिका निभाई है।

रिपोर्ट

प्रियंका ने अखिलेश को किया फोन

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी से बात करने के बाद प्रियंका गांधी ने अखिलेश से फोन पर बात की। इस बातचीत के बाद ही दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बनी। दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की बात तब आगे बढ़ी, जब कांग्रेस ने मुरादाबाद, बिजनौर और बलिया सीट की मांग छोड़ दी और उसकी जगह सीतापुर, श्रावस्ती और वाराणसी सीट की मांग की। प्रियंका की दखल के बाद ये समझौता हुआ।

बयान

अखिलेश ने कहा- अंत भला तो सब भला, गठबंधन होगा

बुधवार को अखिलेश यादव ने भी SP-कांग्रेस गठबंधन की लेकर संकेत दिए थे। उन्होंने अमेठी और रायबरेली में राहुल की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल न होने को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा था, "अंत भला तो सब भला, कोई विवाद नहीं है और उत्तर प्रदेश में गठबंधन होगा।" इससे पहले अखिलेश ने स्पष्ट कहा था कि वह सीट बंटवारे पर सहमति के बाद ही कांग्रेस की यात्रा में शामिल होंगे।

पेंच

कहां फंसा था पेंच?

कांग्रेस पहले मुरादाबाद, बिजनौर और बलिया सीट चाहती थी, लेकिन इसके लिए अखिलेश तैयार नहीं थे। वजह ये थी कि SP ने पिछले चुनाव में मुरादाबाद और बलिया सीट जीती थीं और बिजनौर सीट पर वह अपना उम्मीदवार उतारना चाहती थी। पार्टी पहले ही कांग्रेस के लिए अमरोहा और सहारनपुर छोड़ चुकी थी और ज्यादा झुकने को तैयार नहीं थी क्योंकि उसका वोट शेयर पिछले चुनाव में 17.96 प्रतिशत था, जबकि कांग्रेस को 6.31 प्रतिशत वोट ही मिले थे।

जानकारी

कांग्रेस क्यों इन 3 सीटों पर अड़ी थी?

कांग्रेस के मुरादाबाद सीट मांगने के पीछे मेयर चुनाव में उसे यहां दूसरे सबसे अधिक वोट मिलना था। इसके अलावा बलिया की सुरक्षित सीट से कांग्रेस अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को उतारना चाह रही थी क्योंकि यह SP का गढ़ है।

सीट

इन 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तर प्रदेश में विपक्षी INDIA गठबंधन की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समझौते के तहत प्रदेश की 80 में से 17 सीटों पर लड़ने को तैयार है और बाकी सीटें अन्य सहयोगियों दलों के लिए छोड़ी गई हैं। कांग्रेस के अमेठी, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी, महाराजगंज, देवरिया, बांसगांव, सीतापुर, अमरोहा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, कानपुर, झांसी, बाराबंकी, फतेहपुर सीकरी, सहारनपुर और मथुरा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है।

सीट

किस सीट से चुनाव लड़ेंगे भीम पार्टी के आजाद?

सीट समझौते में भीम पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को बिजनौर जिले की आरक्षित नगीना सीट दी गई है। वह इस सीट से INDIA गठंबधन के उम्मीदवार होंगे। ये सीट अनसूचित जाति और मुस्लिम बहुल है। पिछले चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के गिरीश चंद्र ने यहां भाजपा उम्मीदवार यशवंत सिंह को 1.6 लाख से अधिक वोटों से अंतर से हराया था। उस वक्त BSP को गठबंधन के तहत SP का समर्थन मिला था।