Page Loader
अपने भोजन में प्लास्टिक के महीन कणों की पहचान करने के लिए अपनाएं ये घरेलू नुस्खे

अपने भोजन में प्लास्टिक के महीन कणों की पहचान करने के लिए अपनाएं ये घरेलू नुस्खे

लेखन सयाली
Aug 17, 2024
04:44 pm

क्या है खबर?

घर की रसोई में जिन खाद्य पदार्थों का हम रोजाना इस्तेमाल करते हैं, इन दिनों उनमें प्लास्टिक की मौजूदगी दर्ज की जा रही है। हाल ही में हुए एक अध्ययन में पाया गया कि भारत के सभी ब्रांड के नमक और चीनी में प्लास्टिक के महीन कण होते हैं। ये महीन कण 5 मिलीमीटर से भी छोटे होते हैं और इन्हें देख पाना मुश्किल होता है। ऐसे में आप खान-पान में प्लास्टिक के कण खोजने के लिए ये तरीके अपनाएं।

माइक्रोप्लास्टिक्स

पहले जानिए क्या होते हैं माइक्रोप्लास्टिक्स?

माइक्रोप्लास्टिक्स छोटे और महीन प्लास्टिक के कण होते हैं, जिनका आकार 5 मिलीमीटर से कम होता है। इन कणों के कारण हवा, पानी और मिट्टी लगातार दूषित होती है। इन कणों को 2 प्रकार (प्राथमिक माइक्रोप्लास्टिक्स और द्वितीयक माइक्रोप्लास्टिक्स) में बांटा जाता है। प्राथमिक माइक्रोप्लास्टिक्स वे हैं जिन्हें तैयार किया जाता है, वहीं प्लास्टिक समय के साथ खुद द्वितीयक माइक्रोप्लास्टिक्स में बदल जाता है। रंगीन प्लास्टिक भी प्लास्टिक के खतरनाक महीन कणों में तब्दील हो रही है।

#1

घरेलू घनत्व परीक्षण आएगा काम

आप अपने भोजन में प्लास्टिक के महीन कणों की पहचान करने के लिए घर पर ही घनत्व परीक्षण कर सकते हैं। इसके लिए एक कांच के गिलास के एक चौथाई भाग को तेल या शहद जैसे गाढ़े तरल पदार्थ से भरें। अब इसमें थोड़ी मात्रा में नमक, चीनी, पानी या कोई भी खाद्य पदार्थ डालें। इसे अच्छी तरह मिलाने के बाद कुछ देर इंतजार करें। ऐसा करने पर प्लास्टिक के महीन कण तरल के ऊपरी हिस्से में तैरने लगेंगे।

#2

कॉफी फिल्टर का करें उपयोग 

पेय पदार्थों में प्लास्टिक के महीन कणों की जांच करने के लिए घर पर ही कॉफी फिल्टर परीक्षण किया जा सकता है। एक गिलास के ऊपर कॉफी फिल्टर रखें और पेय पदार्थ को उसके जरिए गिलास में डालें। यह किसी छन्नी की तरह काम करेगा। जब कॉफी फिल्टर से पेय पदार्थ गुजरेगा, तो प्लास्टिक के महीन कण फिल्टर पर ही रह जाएंगे। खाने की चीजों में मौजूद प्लास्टिक के महीन कण पेट को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

#3

शेक टेस्ट से करें पहचान

नमक और चीनी में प्लास्टिक के महीन कणों की उपस्थिति की खबर ने लोगों को सतर्क कर दिया है। इन सामग्रियों में इन कणों की पहचान करने के लिए शेक टेस्ट काम आ सकता है। किसी गहरे रंग वाली सतह पर नमक या चीनी को शेकर की मदद से छिड़कें। ध्यान से देखें कि सतह पर कोई असामान्य कण गिरा है या नहीं, जो नमक या चीनी जैसा न दिखता हो।

जानकारी

सटीक जांच के लिए प्रयोगशाला में करवाएं परीक्षण 

ये घरेलू तरीके प्लास्टिक के महीन कणों की मौजूदगी का कुछ संकेत दे सकते हैं। हालांकि, ये पूरी तरह से विश्वसनीय नहीं हैं। सटीक पहचान के लिए खाद्य पदार्थों को प्रयोगशाला में भेजना सही रहेगा।