Page Loader
पूर्वोत्तर भारत की इन 5 जगहों पर मिलेगा खूबसूरती का अनोखा मिश्रण, जरूर करनी चाहिए यात्रा 
पूर्वोत्तर भारत की 5 खूबसूरत जगहें

पूर्वोत्तर भारत की इन 5 जगहों पर मिलेगा खूबसूरती का अनोखा मिश्रण, जरूर करनी चाहिए यात्रा 

लेखन अंजली
Apr 19, 2023
09:55 pm

क्या है खबर?

पूर्वोत्तर भारत देश का एक छिपा हुआ खजाना है और यह अब धीरे-धीरे पर्यटकों के बीच लोकप्रियता हासिल कर रहा है। यह हिस्सा अपने लुभावने परिदृश्य, विविध संस्कृति और बेहतरीन आतिथ्य स्वागत के लिए अलग पहचान रखता है। यदि आप भी प्रकृति प्रेमी हैं और कैम्पिंग समेत रिवर राफ्टिंग जैसी बाहरी गतिविधियों का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो पूर्वोत्तर भारत का जरूर रूख करें। आइए आज आपको पूर्वोत्तर भारत के 5 सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों के बारे में बताते हैं।

#1

माजुली द्वीप (असम)

असम के ब्रह्मपुत्र नदी पर बसा हुआ माजुली द्वीप दुनिया का सबसे बड़ा नदी द्वीप है। यह लगभग 875 वर्ग किमी में फैला हुआ है। अपनी इसी खूबी की वजह से इसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल हो चुका है। वहां जाकर आप असम की लोक कला और संस्कृति को भी करीब से देख सकते हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह किसी जन्नत से कम नहीं है। आप पूरे साल कभी भी वहां जा सकते हैं।

#2

तवांग (अरुणाचल प्रदेश)

अरुणाचल प्रदेश का यह शहर पर्यटकों के बीच काफी प्रसिद्ध है क्योंकि वहां के प्राकृतिक नजारों की बात ही निराली है। 3,500 मीटर ऊंचाई पर मौजूद इस जगह पर पर्यटक पहाड़, छोटे-छोटे गांव और शांत झीलों को देखने आते हैं। वहां का बौद्ध मठ भी काफी प्रसिद्ध हैं। याक की सवारी, पहाड़ और नदी किनारे बने खूबसूरत होटल, फूलों की घाटी, कैंपिंग, बाइक राइडिंग और ब्रिज आदि यहां के मुख्य आकर्षण हैं, जो पर्यटकों को लुभाते हैं।

#3

काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान (असम)

आकर्षक और आर्द्र मैदानों से भरपूर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान दुनिया की 100 से ज्यादा प्रजातियों के पक्षियों का बसेरा है। अगर आप एक सींघ वाले गेंडे को देखना चाहते हैं तो यही वह जगह है, जहां आप एक साथ कई सारे और विशेष जीवों को देख सकते हैं। मानव जाति के बसेरों से बहुत दूर इस उद्यान में प्रकृति की खूबसूरती देखते ही बनती है। इसके अलावा, यह उद्यान यूनेस्को के वैश्विक धरोहरों की सूची में शामिल है।

#4

शिलांग (मेघालय)

यह मेघालय का एक बहुत खूबसूरत शहर है, जो पहाड़ियों पर बसा हुआ है। शिलांग को "पूर्वी भारत का स्कॉटलैंड" भी कहा जाता है। यह अपने प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है। इस वजह से यह पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और खूबसूरत हरियाली की वजह से वहां 12 महीने शानदार मौसम रहता है। ऐसे में जब भी आपका मन करे आप वहां का रूख कर सकते हैं।

#5

पेल्लिंग (सिक्किम)

सिक्किम में 7,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित पेल्लिंग को अपनी यात्रा का हिस्सा बनाना बेहतरीन अनुभव हो सकता है। आप वहां से कंचनजंगा, कोकतांग, राठोंग समेत कई तरह की चोटियों का नजारा एकसाथ देख सकते हैं। इसके अलावा, वहां स्थानीय मठों से लेकर झरने, ट्रेकिंग ट्रेल्स और रॉक गार्डन का भी लुत्फ उठा सकते हैं। आप चाहें तो पेल्लिंग जाकर सांगा छोलिंग मठ, सिंगशोर ब्रिज और रिम्बी वाटरफॉल की यात्रा भी कर सकते हैं।