
ISI प्रमुख असीम मलिक कौन हैं, जिन्हें पाकिस्तान ने बनाया नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार?
क्या है खबर?
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगातार कदम उठा रहा है।
वहीं, पाकिस्तान ने भी अपनी खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलीजेंस (ISI) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल असीम मलिक को नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) नियुक्त किया है। ये पद 2022 से खाली था।
मलिक को पिछले साल सितंबर में ISI का प्रमुख बनाया गया था और अब उन्हें NSA का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
आइए जानते हैं असीम मलिक कौन हैं।
परिचय
कौन हैं असीम मलिक?
मलिक का जन्म पंजाब प्रांत के सरगोधा के शाहपुर में हुआ था। वह सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुलाम मुहम्मद मलिक के बेटे हैं।
उन्होंने बलूचिस्तान विश्वविद्यालय से BSc की डिग्री हासिल की है। आगे की पढ़ाई उन्होंने अमेरिका के फोर्ट लीवेनवर्थ कॉलेज से की है। मलिक ने ब्रिटेन के रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज में भी अध्य्यन किया है। उन्होंने पाकिस्तान की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी से PhD की है।
पढ़ाई के बाद मलिक पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी (PMA) में शामिल हुए।
सेना
कैसा रहे मलिक का सैन्य करियर?
मलिक को 1989 में पाकिस्तानी सेना की 12वीं बलूच रेजिमेंट में प्रभार दिया गया था।
बतौर ब्रिगेडियर उन्होंने वजीरिस्तान क्षेत्र में एक इन्फैंट्री ब्रिगेड की कमान संभाली। इसके बाद वे बलूचिस्तान में 41वें इन्फैंट्री डिवीजन में मेजर जनरल बनाए गए।
वे पाकिस्तान कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में प्रशिक्षक भी रहे हैं। उन्होंने इस्लामाबाद में नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी में चीफ इंस्ट्रक्टर के तौर पर भी काम किया है।
मलिक पाकिस्तान के 10वें NSA हैं।
कार्यकाल
पूर्व ISI प्रमुख के खिलाफ कर चुके हैं जांच
मलिक ने पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय में एडजुटेंट जनरल के रूप में काम किया है।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी और उनके समर्थकों द्वारा विरोध प्रदर्शन जैसी घटनाएं घटी थीं।
मलिक ने पूर्व ISI प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद के खिलाफ जांच की थी। हमीद को इमरान खान का बेहद करीबी माना जाता है।
अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे में हमीद की अहम भूमिका मानी जाती है।
अधिसूचना
मलिक की नियुक्ति के बारे में पाकिस्तान ने क्या कहा?
पाकिस्तान के कैबिनेट डिवीजन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मुहम्मद असीम मलिक को औपचारिक रूप से NSA का कार्यभार सौंपा गया है।
अधिसूचना में कहा गया है, "लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद असीम मलिक तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।"
मलिक की नियुक्ति 29 अप्रैल को की गई थी, लेकिन इसकी अधिसूचना बाद में जारी की गई।
सितंबर, 2024 में मलिक को ISI का प्रमुख नियुक्त किया गया था।
बोर्ड
भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन किया
पाकिस्तान से तनातनी के बीच भारत ने अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन किया है। रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के प्रमुख रहे आलोक जोशी को इसका अध्यक्ष बनाया गया है।
उनके अलावा पश्चिमी एयर कमांडर रहे एयर मार्शल पीएम सिन्हा, दक्षिणी आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह, रियर एडमिरल मोंटी खन्ना भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी रहे राजीव रंजन वर्मा और मनमोहन सिंह और भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी वेंकटेश वर्मा को बोर्ड में जगह मिली है।