
ओवल टेस्ट: इंग्लैंड को जीत के लिए अब 324 रनों की जरूरत, ऐसा रहा तीसरा दिन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ओवल टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 1 विकेट खोकर 50 रन बना लिए थे। बेन डकेट (34*) क्रीज पर मौजूद हैं। दिन की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने जैक क्रॉली को बोल्ड कर दिया। इंग्लैंड को ये मुकाबला जीतने के लिए 324 रनों की जरूरत है। भारत की दूसरी पारी 396 रनों पर समाप्त हुई थी। ऐसे में आइए तीसरे दिन के खेल पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
तीसरे दिन का लेखा-जोखा
भारत ने तीसरे दिन 75 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम के लिए यशस्वी के अलावा आकाश दीप (66), रविंद्र जडेजा (53) और वाशिंगटन सुंदर (53) ने शानदार पारियां खेली। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा गस एटिंकसन के खाते में 3 विकेट और जेमी ओवरटन ने 2 विकेट लिए। भारत ने इंग्लैंड को 374 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में इंग्लैंड को पहला झटका लग गया है।
100
मोहम्मद सिराज ने भारत से बाहर पूरे किए 100 विकेट
सिराज ने क्रॉली को आउट करते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने विदेशी सरजमीं पर अपने 100 विकेट पूरे कर लिए। भारत में इस खिलाड़ी ने अब तक 14 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 25 पारियों में 37 की औसत से 19 विकेट लेने में सफल रहे हैं। विदेशी सरजमीं पर उनके नाम 26 मैच की 49 पारियों में 95 विकेट है। तटस्थ स्थानों पर उन्होंने 1 मुकाबला खेला है और 5 विकेट चटकाए हैं।
पारी
यशस्वी ने खेली कमाल की पारी
यशस्वी ने 164 गेंदों का सामना किया और 118 रन बनाए। उनके बल्ले से 14 चोके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 71.95 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का छठा और इंग्लैंड की धरती पर दूसरा शतक रहा। इस टीम के खिलाफ टेस्ट में उन्होंने चौथा शतक लगाया। इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी ने अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 19 पारियों में 62.38 की औसत के साथ 1,123 रन बनाने में सफल रहे हैं।
बल्ला
खूब चला सुंदर का बल्ला
सुंदर ने 46 गेंदों का सामना किया और 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 115.22 की रही। ये उनके टेस्ट करियर का 5वां और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा। अपने 13वें टेस्ट में खेलते हुए वाशिंगटन ने अब तक 24 पारियों में 44.23 की औसत से 752 रन बनाए हैं। उनके खाते में अब तक 1 शतक और 5 अर्धशतक दर्ज हैं।
उपलब्धि
जडेजा ने हासिल की यह उपलब्धि
इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ 2 खिलाड़ियों ने 10 से ज्यादा 50+ के स्कोर और 10+ विकेट चटकाए हैं। ये खिलाड़ी गैरी सोबर्स और जडेजा हैं। जडेजा इंग्लैंड की धरती पर एक सीरीज में 6 या उससे नीचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। जडेजा ने सोबर्स का रिकॉर्ड तोड़ा है। सोबर्स ने 5 बार ये कारनामा किया था। जडेजा ने छठी बार 50+ का स्कोर बनाया।
पारी
आकाश दीप ने जड़ा अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक
आकाश दीप ने 94 गेंदों का सामना किया और 66 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 70.21 की रही। इस खिलाड़ी ने यशस्वी के साथ मिलकर 150 गेंदों में 107 रन की साझेदारी निभाई। यह उनके टेस्ट करियर का पहला ही अर्धशतक रहा। आकाश दीप ने अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 15 पारियों में 11.64 की औसत से 163 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी
टंग की गेंदबाजी पर एक नजर
टंग ने 30 ओवर गेंदबाजी की और 4 मेडन ओवर के साथ 125 रन खर्च करते हुए 5 विकेट चटकाए। ये उनके टेस्ट करियर का दूसरा और भारत के खिलाफ पहला 5 विकेट हॉल रहा। भारत के खिलाफ टंग ने 3 टेस्ट खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 29.05 की औसत से 19 विकेट लिए हैं। उन्होंने यशस्वी (118), केएल राहुल (7), जडेजा (53), वाशिंगटन (53) और सिराज (0) को अपना शिकार बनाया।