Page Loader
अमेरिका ने इजरायल को भेजे 2,000 बम और लड़ाकू विमान, युद्धविराम पर फिर वार्ता शुरू
अमेरिका ने इजरायल को सैन्य मदद भेजी है

अमेरिका ने इजरायल को भेजे 2,000 बम और लड़ाकू विमान, युद्धविराम पर फिर वार्ता शुरू

लेखन आबिद खान
Mar 30, 2024
11:25 am

क्या है खबर?

इजरायल को सैन्य सहायता सीमित करने के दबाव के बावजूद अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। अमेरिका ने इजरायल को अरबों डॉलर के बम और लड़ाकू विमान भेजने की मंजूरी दे दी है। बताया जा रहा है कि इजरायली सेना का अगला निशाना फिलिस्तीन का राफा शहर हो सकता है। इजरायल का कहना है कि वो अपना लक्ष्य हासिल करने तक गाजा में कार्रवाई जारी रखेगा और राफा में भी अभियान शुरू करेगा।

हथियार

अमेरिका ने इजरायल को कौनसे हथियार भेजे?

द वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, नए सैन्य पैकेज में 1,800 से अधिक MK84 2,000-पाउंड बम, 500 MK82 500-पाउंड बम और 25 F-35 लड़ाकू विमान शामिल हैं। इस पैकेज को 2008 में अमेरिकी कांग्रेस द्वारा एक बड़े पैकेज के हिस्से के रूप में मंजूरी दी गई थी। हालांकि, व्हाइट हाउस ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वॉशिंगटन में इजरायली दूतावास ने भी इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

अमेरिका

बढ़ते दबाव के बावजूद अमेरिका ने भेजी मदद

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर इजरायल को लेकर अपने देश के साथ ही अंतरराष्ट्रीय दबाव भी बढ़ रहा है। बाइडन की डेमोक्रेटिक पार्टी के कई सदस्यों ने उसने इजरायल को भेजे जानी वाली सैन्य मदद में कटौती करने की मांग की है। हाल ही में अमेरिकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने गाजा पर अमेरिकी नीतियों को लेकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इन सबके बावजूद बाइडन ने इजरायल को मदद भेजी है।

युद्धविराम

इजरायल-हमास में युद्धविराम को लेकर फिर शुरू हुई वार्ता

इजरायल और हमास के बीच आज से युद्धविराम वार्ता फिर शुरू हो रही है। कतर की राजधानी दोहा और मिस्र की राजधानी काहिरा में होने वाली इस वार्ता के लिए इजरायल ने अपने 2 प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं। दोहा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मोसाद प्रमुख डेविड बार्निया करेंगे, जबकि काहिरा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शिन बेट के प्रमुख रोनेन बार करेंगे। बता दें कि इससे पहले भी दोनों पक्षों में बातचीत हुई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।

प्रस्ताव

युद्धविराम के प्रस्ताव पर अमेरिका ने बनाई थी दूरी

25 मार्च को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में गाजा में तत्काल युद्धविराम की मांग से जुड़े एक प्रस्ताव पर अमेरिका ने मतदान नहीं किया था। इसे अमेरिका की इजरायल पर दबाव बनाने की नीति के तौर पर देखा गया था। इजरायल ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि अमेरिका अपनी नीतियों से पीछे हट गया है। बाद में इजरायल ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक को अचानक रद्द कर दिया था।

मौतें

गाजा में 32,000 से ज्यादा लोगों की मौत

7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हमला किया था, जिसमें 1,139 लोग मारे गए थे। इसके बाद इजरायल ने गाजा पर हमला किया, जिसमें अब तक 32,552 लोग मारे गए हैं। मरने वालों में 13,000 से ज्यादा बच्चे हैं और 8,000 लोग गायब बताए जा रहे हैं। गाजा और वेस्ट बैंक में 78,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। गाजा की करीब 21 लाख की आबादी ने राफा में शिविरों में शरण ले रखी है।