LOADING...
अमेरिका: गोताखोर को इंडियाना झील में मिलीं लगभग 200 ऐपल वॉच 
गोताखोर को झील से मिली 200 ऐपल वॉच

अमेरिका: गोताखोर को इंडियाना झील में मिलीं लगभग 200 ऐपल वॉच 

लेखन अंजली
Mar 06, 2024
02:17 pm

क्या है खबर?

दुनियाभर में टेक कंपनी ऐपल के कई उपकरण मशूहर हैं और स्मार्टवॉच इन्हीं में से एक हैं। इनकी कीमत हजारों रुपये में होती है, जिस वजह से लोग इन्हें खुद से अलग करना भी पसंद नहीं करते हैं। हालांकि, एक गोताखोर को अमेरिका की एक झील में से लगभग 200 ऐपल स्मार्टवॉच मिली हैं। इसके बाद उसने मालिकों को मूल घड़ी बैंड के साथ तैरने के जोखिमों के बारे में कड़ी चेतावनी जारी की। आइए पूरा मामला जानते हैं।

मामला

क्या है मामला?

अमेरिकी राज्य इलिनोइस में पोर्ट बैरिंगटन गांव के रहने वाले डैरिक लैंगोस नामक गोताखोर इंडियाना के चेन ओ झील में खोई हुई वस्तुओं को अपने मेटल डिटेक्टर के उपयोग से पुनर्प्राप्त करके अपना जीवन यापन करते हैं। इसी कड़ी में उन्हें हाल ही में लगभग 200 ऐपल स्मार्टवॉच और इनके साथ ही कई अन्य कीमती चीजें भी मिलीं, जो पानी की गतिविधियों के दौरान उनके मालिकों से खो गई थीं।

बयान

कुछ स्मार्टवॉच खोजने का डैरिक को मिला था काम

UPI की रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूबा बियर डाइविंग रिकवरी सर्विस के संचालक डैरिक ने बताया कि लगभग सभी स्मार्टवॉच में उनके मूल बैंड जुड़े हुए हैं, जबकि मालिकों को घड़ियों के बैंड को स्पोर्ट्स बैंड से बदलकर उनके साथ पानी में उतरना चाहिए था। डैरिक ने कहा कि उन्हें कुछ स्मार्टवॉच खोजने के लिए काम पर रखा गया था, लेकिन उनके साथ उन्हें कई और स्मार्टवॉच भी मिल गई।

चीजें

पानी में मिलती हैं स्मार्टफोन, अंगूठी और कैमरे जैसी चीजें- डैरिक

डैरिक ने यह भी बताया कि उन्हें पानी में से कुछ भी मिलता है तो वह उसे जल्दी से बेचते नहीं हैं, बल्कि उसके मालिक का इंतजार करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अब तक एक सफेद सोने की कार्टियर अंगूठी के अलावा कुछ भी नहीं बेचा है। डैरिक ने आगे कहा कि अन्य वस्तुएं जो उन्हें अक्सर पानी के अंदर मिलती हैं, उनमें स्मार्टफोन, अंगूठियां, गहने, नजर के चश्में और कैमरा आदि शामिल होता है।

अन्य मामला

नदी से मिला था 13 साल पुराना कैमरा, तस्वीरें मिली थीं सही सलामत 

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, बल्कि इससे पहले पिछले ही साल अमेरिका में स्थित कोलोराडो में 13 साल पहले खोया एक डिजिटल कैमरा मिला था और उसमें मौजूद तस्वीरें भी सही सलामत थीं। यह कैमरा कोरल अमयी नामक महिला का था, जो साल 2010 में एनिमास नदी पर टयूबिंग करते समय खो गया था। कोरल का कैमरा स्पेंसर ग्रीनर नामक एक मछुआरे को नदी के पास मिला था और उसकी तस्वीरें एकदम सही सलामत थीं।