Page Loader
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का दावा- अपने करीबियों के हाथों ही मारे जाएंगे पुतिन
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने पुतिन को लेकर बड़ा दावा किया (तस्वीर: ट्विटर/@viralsach24)

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का दावा- अपने करीबियों के हाथों ही मारे जाएंगे पुतिन

लेखन नवीन
Feb 27, 2023
05:19 pm

क्या है खबर?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की का दावा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक दिन अपने करीबियों द्वारा ही मारे जाएंगे। न्यूजवीक की रिपोर्ट के मुताबिक, जेलेंस्की की यह टिप्पणी 'ईयर' शीर्षक वाली एक डॉक्यूमेंट्री का हिस्सा है। इस डॉक्यूमेंट्री को यूक्रेन युद्ध के एक साल पूरे होने के मौके पर रिलीज किया गया। इसमें जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति के नेतृत्व का एक नाजुक दौर आएगा और वो 'अपनों' द्वारा ही मारे जाएंगे।

बयान

शिकारी मिलकर एक शिकारी को खा जाएंगे- जेलेंस्की

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, "निश्चित रूप से एक दिन आएगा जब रूस के अंदर पुतिन के शासन की कमजोरी महसूस की जाएगी और फिर शिकारी मिलकर एक शिकारी को खा जाएंगे। वे एक हत्यारे को मारने का कोई बहाना खोज लेंगे। वे जेलेंस्की के शब्दों को याद करेंगे... वे याद रखेंगे। वे हत्यारे को मारने का वजह खोज लेंगे। क्या यह काम होगा? हां। कब? मुझे नहीं पता।"

बयान

क्रीमिया प्रायद्वीप पर वापस यूक्रेन का कब्जा युद्ध के अंत का हिस्सा होगा- जेलेंस्की

बीते रविवार को जेलेंस्की ने कहा था कि क्रीमिया प्रायद्वीप पर वापस यूक्रेन का कब्जा युद्ध के अंत का हिस्सा होगा। उन्होंने ट्विटर पर कहा, 'यह हमारी जमीन है, हमारे लोग, हमारा इतिहास। हम यूक्रेन के हर कोने में यूक्रेन का झंडा फहराएंगे।' रूस की ओर से अभी तक जेलेंस्की की इन टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हालांकि, बीते दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के यूक्रेन दौरे पर रूस ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी।

टिप्पणी

इन टिप्पणियों पर क्या कहते हैं जानकार?

वाशिंगटन पोस्ट ने हाल ही में कहा था कि रूसी राष्ट्रपति के करीबी सहयोगी उनसे लगातार निराश हो रहे हैं क्योंकि युद्ध के मैदान से जारी एक वीडियो में उनके सैनिकों को शिकायत करते और रोते हुए दिखाया गया है। हालांकि, जानकारों का मानना है कि ऐसा होने की बहुत कम संभावना है क्योंकि सभी आला अधिकारी अपनी मौजूदा स्थिति का श्रेय पुतिन को ही देते हैं। इन रिपोर्ट्स के आने के बाद ही जेलेंस्की ने यह टिप्पणी की है।

युद्ध

पिछले साल 24 फरवरी से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध 24 फरवरी, 2022 से जारी है और युद्ध को एक साल पूरा हो चुका है। इस दौरान वैश्विक समुदाय ने कई मौकों पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन से युद्ध को समाप्त करने की मांग की है, लेकिन यूक्रेन पर हमले अभी भी जारी हैं। इस युद्ध में दोनों तरफ हजारों सैनिकों की मौत हुई है और लाखों यूक्रेनी नागरिकों को विस्थापित होना पड़ा है। युद्ध के चलते रूस पर कई प्रतिबंध लगाए गए हैं।