Page Loader
म्यांमार भूकंप में 1,600 मौतें, 3,400 से ज्यादा घायल; मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका
म्यांमार भूकंप में 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है

म्यांमार भूकंप में 1,600 मौतें, 3,400 से ज्यादा घायल; मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका

लेखन आबिद खान
Mar 29, 2025
07:49 pm

क्या है खबर?

म्यांमार में शुक्रवार को आए भूकंप में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1,600 हो गया है और 3,400 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। वहीं, भूकंप के चलते थाईलैंड में एक निर्माणाधीन इमारत ढहने से 10 लोगों की मौत हो गई है। म्यांमार के बाद आज सुबह अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

आंकड़ा

मृतकों का आंकड़ा 10,000 से ज्यादा होने की आशंका

यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने आशंका जताई है कि भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 10,000 से ज्यादा हो सकता है। फिलहाल पूरे थाईलैंड और म्यांमार के 6 राज्यों में आपातकाल घोषित किया गया है। म्यांमार में एतिहासिक शाही महल मांडले पैलेस के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित इलाकों के अस्पतालों में खून की मांग बहुत बढ़ गई है। 15 लाख आबादी वाले मंडाले में भारी नुकसान हुआ है।

मदद

म्यांमार ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से की मदद की अपील

म्यांमार के सैन्य जुंटा नेता जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने सरकारी प्रसारक MRTV पर एक भाषण में कहा, "मैंने राहत प्रयासों के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन का अनुरोध किया है और AHA सेंटर और भारत से समर्थन के कुछ प्रस्तावों को भी स्वीकार किया है।" उन्होंने बाकी देशों से भी मदद का आह्वान किया और कहा कि हताहतों-मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मेजर जनरल जॉ मिन टुन ने बताया कि नेपीता, मांडले और सागाइंग के अस्पताल भर गए हैं।

झटके

भूकंप के बाद अब तक 14 और झटके आए

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, शुक्रवार को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद से म्यांमार में कम से कम 14 और झटके आए हैं। इनमें से ज्यादातर की तीव्रता 5 से कम थी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शुक्रवार रात 11:56 बजे (स्थानीय समयानुसार) म्यांमार में रिक्टर पैमाने पर 4.2 तीव्रता का एक और भूकंप आया था। वहीं, विनाशकारी भूकंप के 10 मिनट बाद 6.7 तीव्रता का एक और झटका भी आया।

ट्विटर पोस्ट

भूकंप की वजह से बैंकॉक में निर्माणाधीन इमारत गिरी

अफगानिस्तान

अफगानिस्तान में आए भूकंप के 2 झटके

आज सुबह 5:16 बजे अफगानिस्तान में भी भूकंप के 2 झटके महसूस किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने सोशल मीडिया पर बताया कि अफगानिस्तान में आए पहले भूकंप के झटके की तीव्रता 4.3, जबकि दूसरे की 4.7 आंकी गई। पहले भूकंप का केंद्र जमीन से 221 किलोमीटर, जबकि दूसरे का 180 किलोमीटर नीचे था। इनमें अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

भारत

भारत ने भेजी 15 टन राहत सामग्री

भारत ने म्यांमार को 15 टन राहत सामग्री भेजी है। इनमें टेंट, स्लीपिंग बैग, कंबल, तैयार भोजन, वाटर प्यूरीफायर, सैनिटेशन किट, सोलर लैंप, जनरेटर सेट, आवश्यक दवाएं (पैरासिटामोल, एंटीबायोटिक्स, कैनुला, सीरिंज, दस्ताने, सूती पट्टियाँ, मूत्र बैग, आदि) शामिल हैं। भारतीय वायुसेना का C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान हिंडन से राहत सामग्री लेकर म्यांमार रवाना हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र (UN) ने म्यांमार को करीब 42 करोड़ रुपये दिए हैं। चीन ने 37 लोगों का बचाव दल भेजा है।

भूकंप

म्यांमार में आए थे भूकंप के 2 झटके

USGS के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 12:50 बजे म्यांमार में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इसका केंद्र मांडले शहर से लगभग 16 किलोमीटर दूर 9.47 किलोमीटर जमीन के नीचे था। इसके 12 मिनट बाद 6.4 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया था। इन झटकों से बैंकॉक में इमारतें और अन्य प्रमुख बुनियादी ढांचे गिर गए। इसका असर थाईलैंड, बांग्लादेश, चीन और भारत तक महसूस किया गया। म्यांमार और थाईलैंड में यह बीते 200 साल का सबसे शक्तिशाली भूकंप है।