Page Loader
विधानसभा चुनाव: त्रिपुरा में 16, नागालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को होगा मतदान
चुनाव आयोग ने तीन राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया

विधानसभा चुनाव: त्रिपुरा में 16, नागालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को होगा मतदान

Jan 18, 2023
04:45 pm

क्या है खबर?

चुनाव आयोग ने बुधवार को त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर 16 फरवरी और नागालैंड और मेघालय की 60-60 विधानसभा सीटों पर 27 फरवरी को एक साथ मतदान होगा। उन्होंने बताया कि इन तीनों राज्यों के नतीजे 2 मार्च को एक साथ घोषित किए जाएंगे।

चुनाव

किस राज्य में कब तक होंगे नामांकन?

त्रिपुरा चुनाव के लिए 21 जनवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके बाद प्रत्याशी 30 जनवरी तक नामांकन कर सकेंगे। 31 जनवरी को नामांकन की जांच होगी, जबकि नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 2 फरवरी है। वहीं मेघालय और नागालैंड विधानसभा चुनाव के लिए 31 जनवरी को अधिसूचना जारी होगी। 7 फरवरी तक नामांकन किए जा सकेंगे। 8 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 10 फरवरी तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले पाएंगे।

मतदान

किस राज्य में हैं कितने मतदाता?

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि तीनों राज्यों में कुल 62.83 लाख मतदाता हैं। आंकड़ों के मुताबिक, त्रिपुरा में 28.13 लाख, मेघालय में 21.61 लोग और नागालैंड में 13.09 लाख लोग मतदान करेंगे। तीनों राज्यों में कुल 31.47 लाख महिला मतदाता हैं, जिनमें से सर्वाधिक 13.98 लाख महिला मतदाता त्रिपुरा में हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, तीनों राज्यों में कुल 1.76 लाख मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।

केंद्र

तीनों राज्यों में बनाए जाएंगे 9,125 मतदान केंद्र

चुनाव आयोग ने बताया कि तीनों राज्यों में 9,125 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। नागालैंड में कुल 2,315 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें 531 केंद्र शहरी और 1,784 केंद्र ग्रामीण इलाकों में होंगे। मेघालय में 3,482 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें से 325 केंद्र शहरी और 3,157 केंद्र ग्रामीण इलाकों में होंगे। त्रिपुरा में 3,328 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। तीनों राज्यों में 376 मतदान केंद्रों को केवल महिला कर्मचारियों द्वारा संभाला जाएगा।

सरकार

अभी किस राज्य में है किस पार्टी की सरकार?

त्रिपुरा में वर्तमान में भाजपा और क्षेत्रीय पार्टी इंडिजिनस पीपल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (IPFT) का गठबंधन सत्ता में है। भाजपा ने 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार सत्ता हासिल की थी। वहीं मेघालय में नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) भाजपा और अन्य कई छोटे सहयोगी दलों के साथ सत्ता में है। नागालैंड की बात करें तो यहां नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) के नेतृत्व वाली बिना विपक्ष की सरकार है और सभी दल सरकार का हिस्सा हैं।

चुनाव

इस साल 9 राज्यों में होने हैं विधानसभा चुनाव

इस साल त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड समेत देश के 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे बड़े राज्य शामिल हैं। इसके अलावा एक और पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में भी इसी साल चुनाव होंगे। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भी इस साल चुनाव होने की उम्मीद है। इन विधानसभा चुनावों के नतीजों से साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए देश के राजनीतिक माहौल का अनुमान लगने की उम्मीद है।