पहले चरण में त्रिपुरा में सबसे ज्यादा और बिहार में सबसे कम वोटिंग, जानें बड़ी बातें

लोकसभा चुनावों के पहले चरण का मतदान गुरुवार को संपन्न हुआ। देश के 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। हालांकि कुछ इलाकों से छिटपुट हिंसा की भी खबरें आईं। पहले चरण में सबसे कम मतदान बिहार (50 प्रतिशत) और सबसे ज्यादा त्रिपुरा में (81.8 प्रतिशत) हुआ। इस चरण की 91 सीटों पर कुल 1,239 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। आइये, जानते हैं कि किस राज्य में कितने प्रतिशत मतदान हुआ।
अंडमान-निकोबार द्वीप की एक सीट पर 70.67 प्रतिशत, आंध्र प्रदेश की 25 सीटों पर 66 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ की एक सीट पर 56 प्रतिशत, तेलंगाना की 17 सीटों पर 60 प्रतिशत, उत्तराखंड की पांच सीटों पर 57.85 प्रतिशत, जम्मू-कश्मीर की दो सीटों पर 54.49 प्रतिशत मतदान हुआ। इनके अलावा सिक्किम की एक सीट पर 69 प्रतिशत, मिजोरम की एक सीट पर 60 प्रतिशत, नागालैंड की एक सीट पर 78 प्रतिशत, मणिपुर की एक सीट पर 78.2 प्रतिशत वोट डाले गए।
पहले चरण में त्रिपुरा में सर्वाधिक वोट डाले गए। यहां एक सीट पर 81.8 प्रतिशत वोटिंग हुई। असम की पांच सीटों पर 68 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर 81 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं अरुणाचल की दो सीटों पर 66 प्रतिशत, लक्ष्यद्वीप की एक सीट पर 66 प्रतिशत, महाराष्ट्र की सात सीटों पर 56 प्रतिशत, मेघालय की दो सीटों पर 67.16 प्रतिशत, ओडिशा की चार सीटों पर 68 प्रतिशत और UP की आठ सीटों पर 63.69 प्रतिशत वोटिंग हुई।
पहले चरण में बिहार की चार सीटों पर चुनाव हुए। यहां की चारों सीटों पर 50 प्रतिशत वोटिंग हुई। यह संख्या पहले चरण के चुनावों में सबसे कम है। राजनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण बिहार में इस बार भाजपा और जदयू मिलकर चुनाव लड़ रही है।
#IndiaElections2019 voter turnout: Arunachal Pradesh (2 seats) - 66%, Bihar (4 seats) - 50%, Lakshadweep (1 seat) - 66%, Maharashtra (7 seats) - 56%, Meghalaya (2 seats) - 67.16%, Odisha (4 seats) - 68%, Uttar Pradesh (8 seats) - 63.69%. Final turnout is expected to rise. pic.twitter.com/c8AR8OSx5q
— ANI (@ANI) April 11, 2019
लोकसभा चुनावों के पहले चरण में हुई हिंसा में आंध्र प्रदेश में एक व्यक्ति की जान चली गई। यहां के तड़ीपात्री इलाके में तेलुगू देशम पार्टी और YSR कांग्रेस के समर्थकों में हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा गूंटूर जिले में विधानसभा स्पीकर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। वहीं उत्तर प्रदेश में बिना पहचान-पत्र वोट डाल रहे लोगों को रोकने के लिए पोलिंग बूथ पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को हवाई फायर करने पड़े।
पहले चरण में आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ हुए। इस दौरान आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों, सिक्किम की 32 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए।
पहले चरण में चुनाव लड़ रहे नागपुर से नितिन गडकरी, गाजियाबाद से केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, मुजफ्फरनगर से अजित सिंह और संजीव बालियान, हैदराबाद से असदुद्दीन ओवैसी, जमुई से चिराग पासवान, बागपत से जयंत चौधरी और सत्यपाल सिंह, नोएडा से महेश शर्मा की सियासी किस्तम EVM में बंद हो गई है। इनके अलावा गया से जीतन राम मांझी, बेंगलुरू दक्षिण से युवा नेता तेजस्वी सूर्या, तुमकुर में एचडी देवगौड़ा की किस्मत भी EVM में बंद हो गई है।