Page Loader
झारखंड की रैली में अमित शाह ने दिए नागरिकता कानून में बदलाव के संकेत

झारखंड की रैली में अमित शाह ने दिए नागरिकता कानून में बदलाव के संकेत

Dec 15, 2019
11:09 am

क्या है खबर?

गृह मंत्री अमित शाह ने विवादों में चल रहे नागरिकता कानून में मेघालय से संबंधित कुछ बदलाव करने के संकेत दिए हैं। शनिवार को झारखंड में एक रैली में उन्होंने क्रिसमस के बाद इन बदलावों पर विचार करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। बता दें कि इन कानून के खिलाफ देशभर में बड़ी संख्या में प्रदर्शन हो रहे हैं।

जानकारी

अमित शाह से मिले मेघालय के मुख्यमंत्री

जिन राज्यों में नागरिकता कानून के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं उनमें मेघालय भी शामिल है। इसी सिलसिले में राज्य के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ शुक्रवार को अमित शाह से मिले थे।

रैली

शाह बोले, क्रिसमस के बाद करेंगे बात

अपनी रैली में इसी मुलाकात का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, "उन्होंने कहा कि मेघालय में समस्या है। मैंने उन्हें समझाने का प्रयास किया कि कोई समस्या नहीं है। फिर भी उन्होंने मुझसे कुछ बदलाव करने को कहा। मैंने संगमा जी को क्रिसमस के बाद जब भी वह फुर्सत में हो तब आकर मुझसे मिलने को कहा है। हम मेघालय के लिए एक अच्छा समाधान ढूढ़ सकते हैं। किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है।"

आश्वासन

पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों को भी किया शाह ने आश्वस्त

नागरिकता (संशोधन) बिल के संसद से पारित होने और इसके कानून बनने के बाद अपनी पहली रैली को संबोधित कर रहे शाह ने असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों को भी नागरिकता कानून को लेकर आश्वस्त किया। उन्होंने कहा, "मैं असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि उनकी संस्कृति, भाषा, सामाजिक पहचान और राजनीतिक अधिकारों पर कानून का कोई असर नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इनकी रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।"

विरोध प्रदर्शन

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में हो रहे हैं विरोध प्रदर्शन

बता दें कि नागरिकता कानून के खिलाफ पूर्वोत्तर के राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। असम में इन प्रदर्शनों की संख्या सबसे अधिक है और राज्य के कई जिलों में इंटरनेट बंद है। इसके अलावा त्रिपुरा और मेघालय में भी हजारों लोग इस बिल के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं। वहीं इनर लाइन परमिट (ILP) के तहत बिल के दायरे से बाहर रखे गए अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मिजोरम में प्रदर्शन न के बराबर है।

विरोधियों पर हमला

राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा जमकर निशाना

रैली में शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बस शोर मचा रहे हैं। उन्हें भारत के इतिहास की जानकारी नहीं है और उन्होंने अपनी आंखों पर इटली का चश्मा लगा रखा है।" शाह ने कांग्रेस पर नक्सलवाद को बढ़ावा देने, कश्मीर को आतंकवादियों के हवाले करने और अयोध्या विवाद को सालों खींचने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों को नक्सलवाद को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा को वोट देने को कहा।

झारखंड विधानसभा चुनाव

झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव

बता दें कि झारखंड में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं और राज्य की 81 सीटों पर पांच चरणों में वोटिंग होनी है। 30 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग हो चुकी है जिसमें कुल 13 सीटों पर चुनाव हुआ। दूसरे चरण के लिए 7 दिसंबर, तीसरे चरण के लिए 12 दिसंबर, चौथे चरण के लिए 16 दिसंबर और पांचवे चरण के लिए 20 दिसंबर को वोटिंग होगी। अभी राज्य में भाजपा गठबंधन की सरकार है।