Page Loader
विधानसभा चुनाव परिणाम 2024: महाराष्ट्र में महायुति 200 के पार, झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार
महाराष्ट्र और झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है

विधानसभा चुनाव परिणाम 2024: महाराष्ट्र में महायुति 200 के पार, झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार

लेखन आबिद खान
Nov 23, 2024
12:20 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र और झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। रुझानों में महाराष्ट्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं झारखंड में INDIA गठबंधन की सरकार मिल सकती है। महाराष्ट्र में NDA 221 तो विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) 56 सीटों पर आगे हैं। झारखंड में NDA 29 और INDIA 51 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यहां बहुमत का आंकड़ा 41 है।

बड़े नाम

फडणवीस, शिंदे और अजित पवार आगे

निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और दोनों उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस अपनी-अपनी सीटों पर आगे चल रहे हैं। कोपरी-पचपाखड़ी सीट पर शिंदे अपने राजनीतिक गुरु आनंद दिघे के भतीजे केदार दिघे से 4,000 से ज्यादा वोटों से आगे हैं। बारामती सीट से अजित पवार शरद पवार के पोते और अपने भतीजे युगेंद्र पवार से करीब 3,000 वोटों से आगे हैं। फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से आगे चल रहे हैं।

झारखंड

झारखंड के बड़े चेहरों का क्या है हाल?

बरहेट विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आगे चल रहे हैं। सरायकेला सीट से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 2,986 वोटों से पीछे हैं। हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन गांडेय सीट से करीब 5,000 वोटों से पीछे चल रही हैं। जामताड़ा से शिबू सोरेन की बहू सीता सोरेन पीछे चल रही हैं। सोरेन मंत्रिमंडल के 4 मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बन्ना गुप्ता, मिथिलेश ठाकुर और रामेश्वर उरांव अपनी-अपनी सीटों पर पीछे चल रहे हैं।

महायुति

महायुति में कौनसी पार्टी कितनी सीटों पर आगे?

सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा, शिंदे गुट की शिवसेना और अजित पवार की NCP शामिल हैं। दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 125 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं शिवसेना 56 और NCP अजित 37 पर आगे है। बता दें कि भाजपा ने 149, शिंदे सेना ने 81 और NCP अजित ने 59 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटना शुरू कर दी है।

ट्विटर पोस्ट

अजित पवार के समर्थकों ने जश्न शुरू किया

बयान

संजय राउत बोले- ये जनता का फैसला नहीं

महाराष्ट्र में MVA के पिछड़ने पर शिवसेना (उद्धव) के संजय राउत ने कहा, "'इस प्रकार के नतीजे महाराष्ट्र के ऊपर लादे गए हैं। महाराष्ट्र की जनता का मन हमें मालूम है। ये हो ही नहीं सकता है। लोकसभा के 2 चुनाव 2014 और 2019 में मोदी और शाह ने यही किया था कि विपक्ष का नेता कांग्रेस को नहीं मिलना चाहिए। इस बार वही रणनीति इन्होंने महाराष्ट्र में अपनाई है।"

 एग्जिट पोल 

एग्जिट पोल में क्या अनुमान लगाए गए थे? 

ज्यादातर एग्जिट पोल का अनुमान है कि महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बन सकती है। मैट्रीज, पी-मार्क और पीपुल्स प्लस ने महाराष्ट्र में महायुति सरकार बनने की संभावना जताई है। लोकपाल एग्जिट पोल का अनुमान है कि राज्य में महाविकास अघाड़ी (MVA) की सरकार बन सकती है। झारखंड में भी NDA को जीत मिलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, पोल ऑफ पोल्स में INDIA और NDA में टक्कर देखने को मिल रही है।

मतदान

दोनों राज्यों में कब हुआ था मतदान?

महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान हुआ था। यहां 65.02 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो 2019 के विधानसभा चुनावों से ज्यादा है। वहीं, झारखंड में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर और दूसरे चरण का 20 नवंबर को हुआ था। झारखंड में 68 प्रतिशत मतदान हुआ था। ये भी पिछले चुनावों से ज्यादा है। महाराष्ट्र में बहुमत का आंकड़ा 145 तो झारखंड में 41 है।