Page Loader
त्वचा की समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकते हैं ये योगसन, ऐसे करें अभ्यास
त्वचा की समस्याएं दूर करने वाले योगासन

त्वचा की समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकते हैं ये योगसन, ऐसे करें अभ्यास

लेखन अंजली
Aug 03, 2023
06:00 am

क्या है खबर?

अमूमन लोग त्वचा की समस्याओं के उपचार के लिए तरह-तरह के उत्पादों का उपयोग करने लगते हैं, लेकिन योग उन समस्याओं से निपटने का बेहतरीन विकल्प हो सकता है। बता दें कि विषाक्त पदार्थ, मुक्त कण और सूर्य के प्रति संवेदनशीलता जैसे कारक त्वचा की समस्याओं के लिए जिम्मेगदार हो सकते हैं। आइए आज हम आपको 5 ऐसे योगासनों के बारे में बताते हैं, जिनका अभ्यास त्वचा की समस्याओं को दूर करके इसे स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।

#1

जानुशीर्षासन का करें अभ्यास

जानुशीर्षासन का अभ्यास करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर दंडासन की स्थिति में बैठ जाएं। अब दाएं घुटने को मोड़ते हुए बाईं जांघ के सहारे लगा लें। इसके बाद शरीर को आगे की तरफ झुकाएं और बाएं पैर के अंगूठे को दोनों हाथों से पकड़ने की कोशिश करें। इसी मुद्रा में अपने सिर को घुटनों से छूने की कोशिश करें। इस योग से त्वचा को गहराई से साफ रखने में मदद मिल सकती है।

#2

उत्तानासन से आएगा त्वचा पर निखार

सबसे पहले जमीन पर एकदम सीधे खड़े हो जाएं। इसके बाद सांस छोड़ते हुए और कूल्हों की तरफ से मुड़ते हुए नीचे झुकें। ध्यान रहें कि आपके घुटने बिल्कुल सीधे हों और पैर एक−दूसरे के समानांतर हों। अब हाथों से अपने पंजों को छूने की कोशिश करें। कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहने के बाद धीरे−धीरे सामान्य अवस्था में आ जाएं। यकीनन इस योगासन के नियमित अभ्यास से त्वचा पर निखार आएगा।

#3

पवनमुक्तासन से होगा फायदा

इसके लिए योगा मैट पर पीठ के बल लेट जाएं और फिर दोनों पैरों को धीरे-धीरे घुटनों से मोड़ते हुए छाती के पास ले आएं। अब दोनों हाथों को घुटनों पर रखते हुए उंगलियों को आपस में कस लें। इसके बाद सिर और कंधों को जमीन से उठाते हुए नाक को दोनों घुटनों को बीच लगाने का प्रयास करें। कुछ सेकंड के लिए इसी मुद्रा में बने रहने की कोशिश करें और फिर धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।

#4

त्रिकोणासन से दूर होगीं झुर्रियां और कील-मुंहासें

त्रिकोणासन के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं और फिर दोनों पैरों को जितना हो सके उतना खोलें। इसके बाद दोनों हाथों को कंधों की सीध में फैलाएं और फिर एक हाथ की उंगलियों से उसी तरफ के पैर के अंगूठे को छूने की कोशिश करें। इस मुद्रा में 2-3 मिनट तक बने रहने के बाद धीरे-धीरे आसन छोड़े। अब इसी प्रक्रिया को दूसरे हाथ की तरफ से दोहराएं।

#5

भुजंगासन से स्वस्थ रहेगी त्वचा

सबसे पहले योगा मैट पर हाथों को कंधों के नीचे रखकर पेट के बल लेट जाएं। अब हाथों से दबाव देते हुए अपने शरीर को जहां तक संभव हो सके उठाने की कोशिश करें। इस दौरान सामान्य तरीके से सांस लेते रहें। इसके बाद कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य होते हुए फिर इस योगासन को दोहराएं। इस आसन का रोजाना अभ्यास त्वचा को प्राकृतिक रूप से स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।