Page Loader
भोजन से अधिकतम पोषण चाहते हैं तो पकाकर ही खाएं ये 5 सब्जियां

भोजन से अधिकतम पोषण चाहते हैं तो पकाकर ही खाएं ये 5 सब्जियां

लेखन गौसिया
Dec 02, 2023
12:32 pm

क्या है खबर?

बहुत लोगों को कच्ची सब्जियां खाना पसंद है। हालांकि, कुछ सब्जियां ऐसी होती हैं, जिन्हें पकाने से ही वे अधिक स्वास्थ्यवर्धक होती हैं। एक अध्ययन के मुताबिक, जो लोग पके हुए भोजन वाले पौष्टिक आहार का सेवन करते हैं, वे कच्चे खाद्य आहार का सेवन करने वालों की तुलना में अधिक पोषक तत्वों को अवशोषित करते हैं। ऐसे में आइये आज स्वास्थ्य टिप्स में 5 ऐसी सब्जियों की सूची जानते हैं, जिन्हें पकाने पर वे अधिक स्वास्थ्यवर्धक हो जाती हैं।

#1

पालक

पत्तेदार सब्जियों में से एक पालक का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद है। इसमें कई पोषक तत्वों के अलावा ऑक्सालिक एसिड भी होता है, जो आयरन और कैल्शियम के अवशोषण को अवरुद्ध करने के लिए जाना जाता है। हालांकि, सब्जी को पकाते समय जब यह गर्मी के संपर्क में आती है तो इसमें मौजूद एसिड उच्च तापमान में टूट जाता है, जिससे पोषक तत्वों का अवशोषण आसान हो जाता है। पालक से बने इन व्यंजनों की रेसिपी जरूर ट्राई करें।

#2

शकरकंद

शकरकंद सर्दियों में आने वाली सब्जियों में से एक है, जो वजन घटाने के लिए एक बढ़िया विकल्प है। इसे उबालने से यह बीटा-कैरोटीन को अधिक बनाए रखता है और पोषक तत्वों को ज्यादा अवशोषित कर पाता है। इसके अलावा कच्चे शकरकंद का सेवन करना मुश्किल है इसलिए इसे पकाकर खाना ही बेहतर विकल्प है। सर्दियों में शकरकंद से ये व्यंजन भी बनाए जा सकते हैं। इनके सेवन से वजन नियंत्रित रहेगा।

#3

मशरूम

मशरूम में कई ऐसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी हैं। हालांकि, उन पोषक तत्वों को पाने के लिए इसे पकाकर खाना अधिक फायदेमंद है। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट एर्गोथायोनीन होता है, जो खाना पकाने के दौरान निकलता है। ये एंटी-ऑक्सीडेंट मुक्त कणों को तोड़ने में मदद करते हैं, जिससे शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव होता है। भारत में ये खाने योग्य मशरूम मिलते हैं, जो कई पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं।

#4

हरी बीन्स 

हरी बीन्स को भी पकाकर खाना सेहत के लिए अधिक फायदेमंद है। दरअसल, इसमें लेक्टिन होता है, एक ऐसा यौगिक है, जो कई पाचन समस्याओं का कारण बन सकता है। हालांकि, जब आप हरी बीन्स को पकाते हैं तो यह यौगिक निष्क्रिय हो जाता है। इसके साथ ही इसके स्वाद, पाचनशक्ति और एंटी-ऑक्सीडेंट सामग्री में भी सुधार होता है, जो आपकी सेहत के लिए अच्छा है।

#5

बैंगन

ज्यादातर लोग बैंगन से इसका भरता, सब्जी या पकौड़े बनाकर खाते हैं और इसे हमेशा ऐसे ही पकाकर ही खाना चाहिए। एक अध्ययन के मुताबिक, बैंगन को पकाने से इसके पोषक तत्वों को पित्त एसिड के साथ जुड़ने में मदद मिलती है। इससे लिवर के कोलेस्ट्रॉल को आसानी से तोड़ने में मदद मिलती है और यह रक्तप्रवाह में कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी मददगार है। बैंगन के सेवन से ये स्वास्थ्य लाभ भी मिलते हैं।