Page Loader
कोरोना वायरस: मदद को आगे आईं राष्ट्रपति की पत्नी सविता कोविंद, खुद सिल रहीं मास्क

कोरोना वायरस: मदद को आगे आईं राष्ट्रपति की पत्नी सविता कोविंद, खुद सिल रहीं मास्क

Apr 23, 2020
12:53 pm

क्या है खबर?

देश इस समय कोरोना वायरस महामारी से जंग लड़ रहा है। संकट की इस घड़ी में हर कोई किसी ना किसी प्रकार से अपना योगदान देने में जुटा है। इसी कड़ी में देश की प्रथम महिला यानी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की पत्नी सविता कोविंद भी मदद के लिए आगे आई हैं। बुधवार को उन्होंने राष्ट्रपति भवन के शक्ति हाट में सिलाई मशीन पर बैठ खुद मास्क सिले। उनके द्वारा सिले गए मास्क आश्रय स्थलों में बांटे जाएंगे।

प्रकरण

सविता कोविंद ने मास्क पहनकर किया सिलाई का काम

शक्ति हाट में सिलाई कार्य शुरू करने से पहले सविता कोविंद ने खुद मास्क पहना था। उनके द्वारा सिले गए मास्कों को दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के तहत आने वाले आश्रय स्थलों पर वितरित किया जाएगा। इससे पहले राष्ट्रपति कोविंद ने भी कोरोना के खिलाफ जंग में मदद के लिए अपना एक महीने का वेतन दान किया था। वर्तमान में भारत में 21,000 से अधिक लोग संक्रमित हैं और इनमें से 681 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रधानमंत्री

राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने मुंह पर लगाया था गमछा

कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अब राजनेता हर समय मास्क पहनने की बात कह रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 14 अप्रैल को लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने के लिए देश को संबोधित किया था तो उन्होंने भी पारंपरिक मणिपुरी गमछे से अपना मुंह ढंका था। यह गमछा प्यार, गरिमा और सम्मान को दर्शाता है। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने टि्वटर पर भी अपनी मुंह ढंके हुए फोटो अपडेट की थी।

अनिवार्य

गृह मंत्रालय ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना किया अनिवार्य

बता दें कि गत 14 अप्रैल को लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद गृह मंत्रालय ने सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यक रूप से मास्क पहनने के आदेश जारी किए थे। विशेषज्ञों का कहना है कि हर समय मास्क पहनने से कोरोना का संक्रमण कम होगा। इसके अलावा उन्होंने घर और बाहर सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करने तथा कोरोना के संभावित लक्षणों वाले लोगों से विशेष दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी थी।

प्रभाव

मास्क की अनिवार्यता के बाद कम हुई संक्रमण की दर

दुनिया से सामने आ रहे अनुसार मास्क पहनने से संक्रमण की दर लगातार कम हो रही है। डेलीमेल के अनुसार, ऑस्ट्रिया में 6 अप्रैल को मास्क अनिवार्य किए जाने के बाद बेहतर परिणाम सामने आए हैं। वहां इससे पहले 10 लाख लोगों पर 90 लोग संक्रमित हो रहे थें, लेकिन मास्क की अनिवार्यता की बाद यह संख्या 10 लाख में 10 पर आ गई। चेक गणराज्य और स्लोवाकिया में मास्क की अनिवार्यता के बाद संक्रमण की दर कम हुई है।

जानकारी

कोरोना से दुनिया में हुई 1.84 लाख लोगों की मौत

बता दें कि इस समय दुनिया में 26.39 लाख लोग कोरोना संक्रमित हैं और इनमें से एक लाख 84 हजार 263 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह 7.22 लाख स्वस्थ हो चुके हैं। अमेरिका में सबसे ज्यादा 47,681 लोगों की मौत हुई है।