लखनऊ: नागरिकता कानून विरोधी प्रदर्शन के दौरान हिंसा, कई वाहन आग के हवाले

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में प्रदर्शन के दौरान हिंसा की बात सामने आ रही है। प्रदर्शनकारियों ने 20 मोटरसाइकिलों, 10 कारों, तीन बसों और चार मीडिया ओबी वैन को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया। हिंसक प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस के अनुसार अब हालात काबू में हैं। लगभग 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
#WATCH Lucknow: A media OB van set ablaze after protest against #CitizenshipAmendmentAct turned violent in Hazratganj. pic.twitter.com/RjfFtMNK4X
— ANI UP (@ANINewsUP) December 19, 2019
लखनऊ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, "अब स्थिति नियंत्रण में है। भीड़ हिंसक हो गई थी लेकिन सुरक्षा बल ने अपना धैर्य नहीं खोया। भीड़ को जबरदस्ती भगाया गया ताकि जान-माल का नुकसान न हो। सुरक्षा बल को अब दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। 40-50 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।" उत्तर प्रदेश पुलिस प्रमुख ओपी सिंह भी मुआयना करने घटनास्थल पर पहुंचे।
बता दें कि नागरिकता कानून के खिलाफ आज पूरे देश में एक साथ प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शन के लिए 19 दिसंबर के दिन को इसलिए चुना गया है क्योंकि इसी दिन 1927 में अंग्रेजों ने हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल और अशफाक उल्ला खां को काकोरी लूट कांड में फांसी दी थी। अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश से आए गैर-मुस्लिम शरणार्थियों को नागरिकता देने वाले इस कानून को देश के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के खिलाफ माना जा रहा है।
दिल्ली समेत देश के कई इलाकों में इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली में योगेंद्र यादव और उमर खालिद समेत हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं बेंगलुरू में जाने-माने इतिहासकार रामचंद्र गुहा को हिरासत में लिया गया। वो महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ मीडिया से बात करे रहे थे और इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
दिल्ली में प्रदर्शनों को रोकने के लिए 20 मेट्रो स्टेशनों को भी बंद किया गया है। इसके अलावा दिन में कुछ समय के लिए कई इलाकों में इंटरनेट, कॉल और मैसेज सेवाओं को बंद किया गया। वहीं शहर में प्रवेश करने वाली गाड़ियों की भी दिल्ली पुलिस ने चेकिंग की जिसके कारण दिल्ली-गुरूग्राम सीमा पर बड़ा जाम लग गया। पुलिस ने अब अपने बैरिकेड हटा लिए हैं। इस बीच प्रदर्शनकारी अब जंतर मंतर पर जमा हो गए हैं।
इस बीच नागरिकता कानून के खिलाफ इन देशव्यापी प्रदर्शनों की समीक्षा करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय आज बैठक करेगा। वहीं प्रदर्शनों पर चर्चा के लिए कांग्रेस ने भी सोनिया गांधी के आवास पर अपनी कोर कमिटी की बैठक बुलाई है।