
भारत में 2.6 करोड़ वयस्कों ने नहीं लगवाई कोरोना वैक्सीन की एक भी खुराक- सरकार
क्या है खबर?
कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ वैक्सीन बड़ा हथियार बनकर सामने आई है। भारत में वैक्सीनेशन अभियान के तहत तेजी से लोगों को वैक्सीन लगाई गई और अब देश वयस्क आबादी के पूर्ण वैक्सीनेशन की ओर बढ़ रहा है।
यही कारण है कि देश में महामारी के हालातों में काफी सुधार दिख रहा है। हालांकि, अभी भी 2.6 करोड़ वयस्कों ने वैक्सीन की एक भी खुराक नहीं लगवाई है।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती पवार ने राज्यसभा में यह जानकारी दी है।
पूर्ण वैक्सीनेशन
84.4 प्रतिशत वयस्क आबादी का हुआ पूर्ण वैक्सीनेशन
राज्य मंत्री पवार ने बताया कि देश में अब तक 84.4 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनों खूराकें देकर पूर्ण वैक्सीनेशन किया जा चुका है। इसी तरह देश अब अपनी वयस्क आबादी के पूर्ण वैक्सीनेशन की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के तमाम प्रयासों के बाद भी कुछ लोगों ने वैक्सीनेशन से दूरी बनाए रखी है और अभी तक 2.6 करोड़ वयस्क लोगों ने वैक्सीन की एक भी खुराक नहीं लगवाई है।
मुफ्त
वैक्सीनेशन अभियार में मुफ्त लगाई गई है 97 प्रतिशत खुराकें- पवार
राज्य मंत्री पवार ने कहा कि 30 मार्च, 2022 तक वैक्सीनेशन अभियान में 97 प्रतिशत यानी 167.14 करोड़ खुराकें मुफ्त लगाई गई है। 18 साल और उससे अधिक उम्र के 79.28 करोड़ (84.4 प्रतिशत) लोगों को अब तक कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराकें लगाई जा चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि 15-18 साल की उम्र के 7.40 करोड़ बच्चों में से 77 प्रतिशत यानी 5.70 करोड़ को एक और 51 प्रतिशत यानी 3.77 करोड़ को दोनों खुराकें दी जा चुकी हैं।
जानकारी
2.29 करोड़ लोगों को दी जा चुकी है प्रिकॉशन डोज
राज्य मंत्री पवार ने बताया प्रिकॉशन डोज यानी एहतियाती खुराक के लिए वैज्ञानिकों की सलाह से काम किया जा रहा है। 10 जनवरी से अब तक 2.29 करोड़ स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को प्रिकॉशन डोज दी गई है।
मौत
ऑक्सीजन की कमी से नहीं हुई कोई भी मौत
राज्य मंत्री पवार ने कहा कि राज्यों ने कोरोना से अब तक 5.21 लाख मौतें होने की जानकारी दी है। 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से कोरोना से मौतों के जो आंकड़े दिए गए हैं, उनमें से किसी की भी मौत ऑक्सीजन की कमी की वजह से होने की बात नहीं बताई गई है।
उन्होंने कहा कि कुछ राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अभी भी अपने आंकड़े सरकार के पोर्टल पर अपडेट कर रहे हैं।
मुआवजा
कोरोना महामारी से जान गंवाने वालों को दिया जा रहा है मुआवजा
कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल के कोरोना से मौत पर चार लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने के सवाल पर राज्य मंत्री पवार ने कहा कि इस संबंध में अलग से गाइडलाइंस जारी की गई हैं। जिला स्तर पर आकलन के बाद सरकार ने आर्थिक सहायता की रकम तय की है, लेकिन यह 4 लाख नहीं है।
उन्होंने बताया कि NDMA की सिफारिश पर केंद्र, राज्य और जिला के स्तर पर 50,000 हजार रुपये का मुआवजा दिया जा रहा है।
हालात
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
भारत में बीते दिन कोरोना संक्रमण के 1,086 नए मामले आए और 71 मरीजों की मौत हुई। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,30,30,925 हो गई है। इनमें से 5,21,487 की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 11,871 रह गई है।
देश में अब तक वैक्सीन की 1,85,04,11,569 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। इसमें मंगलवार को 15,49,699 खुराकें लगाई गई थी। देश में 12 साल से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन हो रहा है।