
वित्त वर्ष 2025 में स्मार्टफोन बने शीर्ष निर्यातित उत्पाद, जानिए कितना आया उछाल
क्या है खबर?
पिछले 3 सालों में भारत से स्मार्टफोन निर्यात में खासकर अमेरिका और जापान में जबरदस्त उछाल आया है।
आंकड़ों के अनुसार, इन देशों में क्रमश: लगभग 5 गुना और 4 गुना वृद्धि हुई, जिसने पेट्रोलियम उत्पादों और हीरों के व्यवसाय को पीछे छोड़ दिया है।
स्मार्टफोन निर्यात 2024-25 में 55 प्रतिशत बढ़कर 24.14 अरब डॉलर (लगभग 2,451 अरब रुपये) हो गया, जो 2023-24 में 15.57 अरब डॉलर (1,323 अरब रुपये) और 2022-23 में 10.96 अरब डॉलर (931 अरब रुपये) था।
शीर्ष देश
इन देशों में हुआ सबसे ज्यादा निर्यात
पिछले वित्त वर्ष में स्मार्टफोन निर्यात में सबसे अधिक वृद्धि वाले शीर्ष-5 देश अमेरिका, नीदरलैंड, इटली, जापान और चेक गणराज्य थे।
अकेले अमेरिका को निर्यात 2022-23 में 2.16 अरब डॉलर (183 अरब रुपये) से बढ़कर 2023-24 में 5.57 अरब डॉलर (473 अरब रुपये) और 2024-25 में 10.6 अरब डॉलर (901 अरब रुपये) हो गया।
जापान में शिपमेंट 2022-23 में 12 करोड़ डॉलर (1,020 करोड़ रुपये) से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में 52 करोड़ डॉलर (4,420 करोड़ रुपये) हो गया।
हिस्सेदारी
इन कंपनियों की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी
वाणिज्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने PTI को बताया, "इस तीव्र वृद्धि ने स्मार्टफोन को भारत के शीर्ष निर्यातित वस्तुओं में से एक बना दिया है और पहली बार इसने पेट्रोलियम उत्पादों और हीरे जैसे पारंपरिक अग्रणी उत्पादों को पीछे छोड़ दिया है।"
मार्केट रिसर्च फर्म काउंटरपॉइंट की मेक इन इंडिया सर्विस रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में भारत के स्मार्टफोन निर्यात में ऐपल और सैमसंग का हिस्सा लगभग 94 फीसदी था।