गूगल भारत में अपना पहला रिटेल स्टोर खोलने की बना रही योजना
क्या है खबर?
गूगल भारत में अपना पहला रिटेल स्टोर खोलने की योजना बना रही है। इसके लिए नई दिल्ली और मुंबई में जगह की तलाश की जा रही है।
इस रिटेल स्टोर का आकार करीब 15,000 वर्ग फीट हो सकता है और इसे खुलने में कम से कम 6 महीने लग सकते हैं।
गूगल अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और ऐपल से मुकाबला करने के लिए यह कदम उठा रही है। अभी तक इसके सभी 5 स्टोर केवल अमेरिका में हैं।
बाजार
भारत में स्मार्टफोन बाजार और मुकाबला
भारत गूगल के लिए बड़ा बाजार है, जहां उसने लगभग 86,000 करोड़ रुपये निवेश करने का फैसला किया है।
यहां पिक्सल फोन की कीमत 32,000 रुपये से 1.75 लाख रुपये तक है, जबकि आईफोन की कीमत 45,000 रुपये से 1.85 लाख रुपये तक जाती है।
2024 में 45,000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले फोन में ऐपल की बाजार हिस्सेदारी 55 प्रतिशत, जबकि पिक्सल की 2 प्रतिशत थी। गूगल ने भारत में ही पिक्सल स्मार्टफोन बनाना भी शुरू कर दिया है।
जगह
स्टोर खोलने की प्रक्रिया और संभावित जगहें
गूगल को भारत में स्टोर खोलने से पहले कुछ सरकारी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।
कंपनी गुरुग्राम में भी स्टोर खोलने पर विचार कर रही है, जहां कई बड़ी कंपनियों के दफ्तर और बड़े ब्रांड के स्टोर हैं।
अगर शुरुआती स्टोर अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो कंपनी और शहरों में भी स्टोर खोल सकती है।
इससे पहले, 2023 में ऐपल ने भारत में अपने पहले आधिकारिक स्टोर खोले थे, जिससे गूगल को भी इस बाजार में उतरने की प्रेरणा मिली।
चुनौतियां
कानूनी और प्रशासनिक चुनौतियां
गूगल को भारत में कुछ कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें इन-ऐप खरीदारी और स्मार्ट टीवी बाजार में प्रतिस्पर्धा से जुड़े मामले शामिल हैं।
कंपनी को स्टोर खोलने के लिए सरकारी अनुमति लेने में समय लग सकता है। गूगल ने हाल ही में भारत में अपने सार्वजनिक नीति प्रमुख को खो दिया, जिससे सरकारी संपर्क बनाने में दिक्कतें आ सकती हैं।
कंपनी फिर भी,जल्द भारत में अपने स्टोर खोलने की दिशा में आगे बढ़ रही है।