Page Loader
वॉरेन बफेट ने बर्कशायर हैथवे CEO पद छोड़ने का किया फैसला, अब ग्रेग एबेल संभालेंगे बागडोर 
वॉरेन बफेट बर्कशायर हैथवे CEO पद से देंगे इस्तीफा

वॉरेन बफेट ने बर्कशायर हैथवे CEO पद छोड़ने का किया फैसला, अब ग्रेग एबेल संभालेंगे बागडोर 

May 04, 2025
10:19 am

क्या है खबर?

दुनिया के मशहूर निवेशक वॉरेन बफेट ने इस साल के अंत में बर्कशायर हैथवे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद छोड़ने का फैसला किया है। 94 वर्षीय बफेट ने यह घोषणा ओमाहा में आयोजित वार्षिक बैठक में की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब कंपनी की जिम्मेदारी नए नेतृत्व को सौंपी जाए। उनके 60 साल के कार्यकाल में बर्कशायर एक असफल कपड़ा कंपनी से 1.16 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 98,000 अरब रुपये) के समूह में बदल गई।

बागडोर 

अब ग्रेग एबेल संभालेंगे कंपनी की बागडोर 

अमेरिका में रहने वाले अरबपति बफेट ने कहा है कि 2025 के अंत में वे CEO पद छोड़ देंगे और कंपनी के वाइस चेयरमैन ग्रेग एबेल इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। 62 वर्षीय एबेल 2018 से बर्कशायर के उपाध्यक्ष हैं और 2021 में उन्हें बफेट का संभावित उत्तराधिकारी घोषित किया गया था। उन्होंने कहा कि बर्कशायर का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। अब कंपनी का भविष्य एबेल के नेतृत्व में आकार लेगा।

 इरादा 

बफेट का शेयर बेचने का कोई इरादा नहीं 

बफेट ने साफ किया कि उनका बर्कशायर के किसी भी शेयर को बेचने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके पास मौजूद लगभग सभी शेयर उनकी मृत्यु के बाद दान कर दिए जाएंगे। बफेट की कुल संपत्ति करीब 168.2 अरब डॉलर (लगभग 14,200 अरब रुपये) है, जो अधिकतर बर्कशायर के शेयरों में है। उन्होंने 1958 में खरीदे अपने पुराने घर में ही अब तक रहते हैं और अपनी सादगी के लिए भी प्रसिद्ध हैं।