Page Loader
जापान एयरलाइंस पर साइबर हमला, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी; टिकटों की बिक्री रोकी गई
जापान एयरलाइंस पर साइबर हमला

जापान एयरलाइंस पर साइबर हमला, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी; टिकटों की बिक्री रोकी गई

लेखन गजेंद्र
Dec 26, 2024
09:02 am

क्या है खबर?

जापान एयरलाइंस पर गुरुवार को साइबर हमला हुआ, जिससे उड़ान सेवा प्रभावित हुई। कई घरेलू और अंतराष्ट्रीय उड़ानें देर से उड़ी और टिकटों की बिक्री रोक दी गई। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि जापान एयरलाइंस ने गुरुवार सुबह 7:24 बजे (स्थानीय समय) अपनी आंतरिक और बाह्य प्रणालियों में खराबी की सूचना दी है। एयरलाइंस ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी। सुबह 9 बजे तक समस्या का कारण सामने आ गया, जिसको ठीक किया जा रहा है।

समस्या

आज के लिए रोकी गई टिकट बिक्री

एयरलाइंस ने कहा कि सुबह कंपनी और उसके ग्राहकों को जोड़ने वाले नेटवर्क उपकरण में खराबी आ रही है। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानें प्रभावित होने की आशंका है। एयरलाइंस ने बताया कि राउटर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया जिसकी वजह से सिस्टम में खराबी आई थी। उसने बताया कि गुरुवार को रवाना होने वाली घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए टिकट बिक्री भी रोक दी गई हैं। समस्या को ठीक किया जा रहा है।

एयरलाइंस

कभी रही थी जापान की सरकारी कंपनी

जापान एयरलाइंस कभी जापान की सरकारी कंपनी थी। इसकी स्थापना 1 अगस्त, 1951 को हुई थी। पहले इसका संचालन एक निजी कंपनी के तौर पर किया गया था, लेकिन बाद में इसे सरकार के अधिपत्य कर दिया गया। काफी साल सरकारी कंपनी के रूप में कार्य करने के बाद 1987 में एक बार फिर इसका निजीकरण कर दिया गया। एयरलाइन के मुख्य केंद्र टोक्यो के नारिता, हानेडा हवाई अड्डों के साथ-साथ ओसाका के कंसाई और इटामी हवाई अड्डों पर है।