Page Loader
ऐपल का पहला कंप्यूटर होने वाला है नीलाम, अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से भी अधिक
ऐपल कंपनी का पहला कंप्यूटर होगा नीलाम

ऐपल का पहला कंप्यूटर होने वाला है नीलाम, अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से भी अधिक

लेखन सयाली
Feb 28, 2025
01:08 pm

क्या है खबर?

ऐपल दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी है, जो अपने कंप्यूटर, मोबाइल और अन्य डिजिटल उत्पादों के लिए मशहूर है। अगर आप भी इस कंपनी के प्रशंसक हैं तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दरअसल, ऐपल का पहला कंप्यूटर नीलाम होने वाला है, जिसका नाम 'बेविल' ऐपल-1 है। जानकारी के मुताबिक, इसे स्टीव जॉब्स और स्टीव वोजनियाक ने मिलकर बनाया था। आइए इसकी नीलामी के विषय में विस्तार से जानते हैं।

नीलामी

कब और कहां होगी इस कंप्यूटर की नीलामी?

यह कंप्यूटर तकनीकी उत्पादों को जमा करने में दिलचस्पी रखने वालों के लिए खास हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, इसकी नीलामी का आयोजन RR ऑक्शन्स नामक नीलामीघर द्वारा करवाया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से भी अधिक है, क्योंकि इसे ऐपल के सबसे दुर्लभ कंप्यूटरों में से एक बताया जा रहा है। इस नीलामी के दौरान ऐपल कंपनी के कई अन्य उत्पाद भी उपलब्ध रहने वाले हैं, जो बेहद दुर्लभ और नायाब हैं।

खासियत

क्या है इस कंप्यूटर की खासियत?

इस कंप्यूटर का निर्माण जॉब्स और वोजनियाक ने मिलकर किया था और इसके जरिए ही ऐपल की शुरुआत हुई थी। इसकी खासियत यह है कि यह कंप्यूटर आज भी अच्छी हालत में है और इसके कुछ ही मॉडल बाजार में उपलब्ध हैं। इसके साथ इसकी मैनुअल भी मौजूद है। इसके अलावा, ऐपल के 12वें कर्मचारी डैनियल कोटके का हाथों से लिखा गया पत्र भी इसके साथ उपलब्ध रहने वाला है।

अन्य वस्तुएं

इस नीलामी में उपलब्ध होंगी कई अन्य वस्तुएं

इस नीलामी के दौरान 2 दुर्लभ चेक भी उपलब्ध रहेंगे, जिनपर संस्थापक जॉब्स ने खुद हस्ताक्षर किए थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा, लोग ऐपल 2 कंप्यूटर को खरीदने के लिए भी बोली लगा सकेंगे, जिसकी कीमत 26 लाख रुपये तय की गई है। नीलामी में ऐपल का पहला बैटरी से चलने वाला लैपटॉप भी बेचा जाएगा, जो अपनी अधिक कीमत के कारण लॉच के बाद बिक नहीं पाए थे।

प्रोटोटाइप

ऐपल के पुराने प्रोटोटाइप भी होंगे नीलाम

नीलामी का एक और अहम हिस्सा ऐपल के प्रोटोटाइप हैं, जिसमें आईपॉड क्लासिक, आईमैक G3, पावर मैक G4 क्यूब, पावर मैकिन्टोश और मैकिन्टोश टीवी के शुरुआती संस्करण भी शामिल होने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, इन प्रोटोटाइप का इस्तेमाल उत्पादन से पहले आंतरिक परीक्षण के लिए किया जाता था। बता दें कि इससे पहले भी ऐपल 1 कंप्यूटर 4.36 लाख की कीमत पर नीलाम हुआ है। RR ऑक्शन्स का अनुमान है कि यह नीलामी भी पहले की तरह सफल होगी।