नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए कॉरिडोर बनाने पर राजी हुए यूक्रेन और रूस
क्या है खबर?
युद्ध के बीच जारी बातचीत में रूस और यूक्रेन नागरिकों की सुरक्षित निकासी और मानवीय सहायता के लिए कॉरिडोर बनाने पर सहमत हुए हैं।
युद्ध के मैदान में आमने-सामने दोनों देशों के बीच दूसरे दौर की बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ती नजर आई है।
रूस के वार्ताकार व्लादिमीर मेडिंस्की ने कहा कि गुरुवार की बातचीत में काफी तरक्की हुई है। दोनों पक्षों ने सैन्य टकराव के क्षेत्र में फंसे लोगों को बाहर निकालने के मुद्दे पर सहमति जताई।
जानकारी
कॉरिडोर की शुरुआत की जानकारी नहीं
बेलारूस में चल रही बातचीत के दौरान यह समझौता तब हुआ है, जब रूस की सेना लगातार यूक्रेन के बड़े शहरों को घेरती जा रही है। अभी तक यह जानकारी नहीं मिली है कि इस कॉरिडोर की शुरुआत कब होगी।
समझौता
कई जगहों पर रोके जा सकते हैं हमले
यूक्रेन की तरफ से बातचीत में शामिल मिखाइलो पोडोलियाक ने कहा कि दोनों पक्ष नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए जल्द से जल्द संचार और सहयोग के इंतजाम करने को तैयार हुए हैं। कुछ जगहों पर लड़ाई को थोड़ी देर रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा, "हर जगह नहीं, लेकिन जिन स्थानों पर कॉरिडोर मौजूद होगा, वहां नागरिकों की निकासी तक गोलीबारी और हमले रोके जा सकते हैं।"
दोनों पक्ष तीसरे दौर की बातचीत भी जल्द करेंगे।
बातचीत
युद्धविराम पर नहीं बन पाई सहमति
बातचीत के दौरान दोनों देश संघर्ष वाले इलाकों में लोगों तक खाना और दवाएं पहुंचाने पर भी एकमत हुए हैं। रूसी वार्ताकरों ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के बीच "सैन्य पहलू" और "संघर्ष के राजनीतिक समाधान" पर भी बात हुई थी।
अभी तक युद्धविराम पर दोनों पक्षों की एक राय नहीं बन पाई है। युद्धविराम यूक्रेन के एजेंडे में सबसे पहले नंबर पर है।
बता दें कि वैश्विक समुदाय लगातार रूस से युद्ध रोकने की अपील कर रहा है।
यूक्रेन युद्ध
युद्ध में अब तक हो चुकी है हजारों लोगों की मौत
यूक्रेन पर युद्ध के हमलों का आज नौवां दिन है और यह दूसरे विश्व युद्ध के बाद यूरोप में सबसे लंबा चलने वाला युद्ध है।
माना जा रहा है कि अब तक इसमें हजारों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि युद्ध के चलते 10 लाख से अधिक लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरे देशों में शरण लेनी पड़ी है।
यूक्रेन युद्ध
क्या है युद्ध की ताजा स्थिति?
यूक्रेन की राजधानी कीव और दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर रूसी हमले लगातार जारी है।
रूस की सेना ने जेपोरजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है। यह यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र है।
आज सुबह रूसी सेना के हमले के बाद इसके पास स्थित कुछ इमारतों में आग लग गई थी, जिसने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया था। फिलहाल आग की लपटों को बुझा दिया गया है।