Page Loader
ओलंपिक के इतिहास में भारतीय हॉकी टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन?
भारतीय हॉकी टीम से होंगी पदक की उम्मीदें (तस्वीर: एक्स/@TheHockeyIndia)

ओलंपिक के इतिहास में भारतीय हॉकी टीम का कैसा रहा है प्रदर्शन?

Jul 11, 2024
08:45 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक की शुरुआत 26 जुलाई से होगी, जिसमें कई खेलों में दुनिया भर के तमाम दिग्गज खिलाड़ी पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करते हुए नजर आएंगे। इस बार हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम से बहुत उम्मीदें रहने वाली हैं। बता दें कि पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था और इस बार भी टीम दावेदार होगी। इस बीच भारतीय हॉकी टीम के इतिहास पर एक नजर डालते हैं।

स्वर्ण

भारत ने हॉकी में जीते हैं 8 स्वर्ण पदक 

हॉकी के इतिहास में भारत ने सर्वाधिक 8 स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा भारत के खाते में 1 रजत और 3 कांस्य पदक भी आए हैं। 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक से भारतीय हॉकी टीम के सनसनीखेज प्रदर्शन की शुरुआत हुई थी। उस संस्करण में मेजर ध्यान चंद के नेतृत्व में भारत ने 29 गोल किए और एक भी गोल नहीं खाया था। यह भारत का किसी भी खेल में पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक था।

वर्चस्व 

द्वितीय विश्व युद्ध से पहले भारतीय हॉकी टीम ने स्वर्ण पदकों की लगाई थी हैट्रिक

भारतीय हॉकी टीम ने 1932 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक और 1936 में हुए बर्लिन ओलंपिक में जीत हासिल करके स्वर्ण पदकों की यादगार हैट्रिक पूरी की थी। इसके बाद द्वितीय विश्व युद्ध के कारण 1940 और 1944 में ओलंपिक खेल नहीं हो पाए थे, इसलिए 1948 के लंदन खेल एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारत का पहला आयोजन था। हॉकी टीम ने फिर से अपना दबदबा बनाया और अपना चौथा ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता था।

उपलब्धि

भारतीय हॉकी टीम ने लगातार 6 स्वर्ण पदक जीते

भारतीय हॉकी टीम ने 1952 और 1956 के ओलंपिक में भी अपनी उपलब्धि दोहराई थी। इसी क्रम में भारत ने हॉकी में लगातार 6 स्वर्ण पदक जीते थे। हॉकी में भारत के स्वर्ण जीतने का सिलसिला आखिरकार 1960 में थम गया था। उस बार फाइनल में भारत को पाकिस्तान ने हरा दिया था। हालांकि, 1964 के आयोजन में भारतीय हॉकी टीम ने फिर से स्वर्ण अपने नाम किया था।

1980

1980 में भारत ने जीता अपना आखिरी स्वर्ण

1968 का ओलंपिक मेक्सिको में खेला गया, जिसमें भारत को कांस्य पदक मिला। यह पहला ऐसा संस्करण रहा, जिसमें भारतीय पुरुष हॉकी टीम को शीर्ष-2 स्थानों से नीचे आना पड़ा। इसके बाद 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में भी भारतीय टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। लगातार 2 कांसे के बाद 1976 के ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम 7वें स्थान पर रही थी। इसके बाद 1980 में एक बार फिर भारत ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था।

41 साल

भारत ने 41 साल बाद जीता कांस्य पदक

1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने कोई पदक नहीं जीता और पदको के बिना कई दशक बीत गए। लगातार उतार-चढ़ाव के बीच 2008 के बीजिंग ओलंपिक में भारत क्वालिफिकेशन हासिल करने में भी नाकाम रहा। हालांकि, 2012 के लंदन ओलंपिक में टीम ने वापसी की, लेकिन वे उस साल 12वें स्थान (अंतिम) पर थे। 2020 में टोक्यो ओलंपिक में भारत ने कांस्य पदक के साथ अपने 41 साल के के सूखे को खत्म किया।