Page Loader
टोक्यो ओलंपिक: पदक जीतने वाले सभी भारतीय एथलीट्स को ईनामी राशि देगी BCCI
पदक विजेताओं को ईनामी राशि देगी BCCI

टोक्यो ओलंपिक: पदक जीतने वाले सभी भारतीय एथलीट्स को ईनामी राशि देगी BCCI

लेखन Neeraj Pandey
Aug 08, 2021
11:55 am

क्या है खबर?

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय एथलीट्स का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने भारत को लगातार झूमने के मौके दिए। भारत ने इस ओलंपिक से कुल सात पदक हासिल किए हैं जिसमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है। ओलंपिक पदक जीतने के साथ ही भारतीय एथलीट्स पर पैसों की बारिश शुरु हो गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी अब ओलंपिक पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स को ईनामी राशि देने की घोषणा की है।

स्वर्ण पदक

स्वर्ण जीतने वाले नीरज को एक करोड़ रूपये देगी BCCI

बीते शनिवार को नीरज चोपड़ा ने ऐसा इतिहास रचा जिसे दशकों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने भाला फेंक के फाइनल में 87.58 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह एथलेटिक्स में भारत का पहला स्वर्ण और कुल 121 साल बाद एथलेटिक्स में आया पहला पदक है। नीरज की ऐतिहासिल उपलब्धि से खुश होकर BCCI सेक्रेटरी जय शाह ने उन्हें एक करोड़ रूपये का ईनाम देने की घोषणा की है।

रजत पदक

रजत पदक विजेताओं को मिलेंगे 50 लाख रुपये

मीराबाई चानू ने भारोत्तोलन में रजत पदक जीतने के साथ ही टोक्यो ओलंपिक में भारत का खाता खोला था। वह भारोत्तोलन में पदक जीतने वाले दूसरी भारतीय और रजत जीतने वाली पहली एथलीट बनी थीं। रवि कुमार दहिया ने 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल में हारने के कारण उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वह कुश्ती में रजत जीतने वाले केवल दूसरे भारतीय पहलवान हैं।

कांस्य पदक

व्यक्तिगत कांस्य पदक विजेताओं को मिलेंगे 25 लाख रुपये

चानू के रजत पदक के बाद महिला मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहाई ने कांस्य पदक जीता था। लवलीना को सेमीफाइन मुकाबले में हार मिली थी। महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने भी कांस्य पदक जीता। वह लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनी थीं। कुश्ती में पदक के लिए सबसे बड़ी उम्मीद माने जाने वाले बजरंग पुनिया ने भी बीते शुक्रवार को कांस्य पदक अपने नाम किया था।

पुरुष हॉकी टीम

पुरुष हॉकी टीम को मिलेंगे 1.25 करोड़ रुपये

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन वहां उन्हें बेल्जियम के खिलाफ 5-2 की करारी हार झेलनी पड़ी थी। कांस्य पदक वाले मैच में उन्होंने जर्मनी को 5-4 से हराते हुए पदक जीता। 41 साल बाद भारत ने ओलंपिक में हॉकी का पदक जीता है। कुल मिलाकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए यह ओलंपिक का तीसरा कांस्य पदक है।